6 दिन में 8 लाख भक्तों ने किए महाकाल दर्शन

By AV NEWS

साल के आखिरी दिनों में धार्मिक नगरी में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

महाकाल महालोक को भी सुबह से रात तक हजारों लोग निहार रहे

उज्जैन। साल के आखिरी दिनों में धार्मिक नगरी में देश-विदेश से श्रद्धालु आ रहे हैं। पिछले 6 दिनों में ही 8 लाख से अधिक भक्तों ने महाकाल मंंदिर में दर्शन किए है। नववर्ष मनाने के लिए भी बाहर से लोगों का आना शुरू हो गया है। मंदिर समिति द्वारा भी दर्शनार्थियों को सुलभता से दर्शन हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी सतत नजर रखे हुए हैं।

श्री महाकाल मंदिर में साल के आखिरी दिनों में देश-विदेश से हजारों भक्त भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। मंदिर के आंगन में भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है, वहीं महाकाल महालोक में भी सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लोग यहां के मूर्ति शिल्प को निहारते देखे जा सकते हैं। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति द्वारा भी दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर समिति के सहायक प्रशासक एमसी जूनवाल ने बताया कि 24 दिसंबर से स्कूलों में अवकाश के कारण महाकाल मंंदिर में भीड़ बढऩे लगी थी। प्रतिदिन 1.50 लाख लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं। पिछले 6 दिनों में ही 8 लाख से अधिक भक्त दर्शन लाभ ले चुके हैं।

वहीं यह सिलसिला 5 जनवरी तक चलने की संभावना है। आम श्रद्धालुओं को महालोक में मानसरोवर द्वार से प्रवेश दिया जा रहा है। यहीं पर जूता और मोबाइल स्टैंड भी बनाए गए हैं। अनुमान है कि 5 जनवरी तक 15 लाख से अधिक लोग आएंगे। आने वाले दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या और बढ़ेगी।

मोबाइल पर प्रतिबंध 40 मिनट में हो रहे दर्शन

श्री महाकालेश्वर मंंदिर प्रबंध समिति द्वारा मंदिर में मोबाइल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे दर्शन व्यवस्था में सुधार हुआ है। लंबी कतार के बाद भी 40-50 मिनट में भक्तों को श्री महाकाल के दर्शन हो रहे हैं। पहले लोग मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बनाने लगते थे। इससे पीछे कतार में लगे लोग परेशान होते थे और अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती थी। मगर अब दर्शन व्यवस्था में सुधार आया है।

गर्भगृह में 5 जनवरी तक प्रवेश बंद

दर्शनार्थियों की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने 24 दिसंबर से 5 जनवरी तक श्री महाकाल मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। भक्तों को गणेश मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन करवाए जा रहे हैं।

वीआईपी के लिए गेट नंबर 4-5 से दर्शन की व्यवस्था की गई है। भीड़ की स्थिति को देखते हुए दो कतार में दर्शनार्थियों को मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा हैं। फैसेलिटी सेंटर तथा अन्य होल्डप में आवश्यक बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, पूजा स्टैंड आदि के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Share This Article