रात 8 बजे बदमाशों की हवाई फायरिंग

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:बीती रात लोहे का पुल क्षेत्र स्थित अंसारी जमात खाना की पुलिया के पास तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति को रोककर गाली गलौज कर धमकाया और कट्टे से हवाई फायर कर दिया। महाकाल थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि हाफीज खान पिता हमीद खान निवासी गांधी नगर हालमुकाम अन्नू बी का मकान नसीब होटल की गली बेगमबाग कालोनी रात करीब 8 बजे अंसारी जमात खाना की पुलिया से नमाज पढ़कर लौट रहा था तभी रास्ते में उसे मोना, आरिफ और अकील ने रोका व उसके बेटे के बारे में पूछताछ की।
बदमाशों ने कहा कि तुम्हारे लड़के ने कल झगड़ा किया था अब उसका पता बता। हाफीज खान ने बदमाशों को बताया कि उसका बेटा महिदपुर गया है इसी को लेकर बदमाशों ने गाली गलौज करते हुए मोना ने कट्टे से हवाई फायर कर धमकाया। हाफीज की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर मोना को गिरफ्तार किया व उसके दो साथियों की तलाश शुरू की है।









