शंकरपुर में अचानक रोका कारकेड, होटल पर रुककर कार्यकर्ताओं के साथ खाए पोहे

सीएम का शहर दौरा: हरसिद्धि पाल पर चौड़ीकरण काम देखा और बोले क्वालिटी का ध्यान रखना, सबकी नजर यहीं रहेगी
रामघाट पर जाकर देखी शिप्रा परिक्रमा की तैयारी और प्रशिक्षण शिविर
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शॉर्ट दौरे पर शहर आए सीएम डॉ. मोहन यादव ने बाबा जय गुरुदेव आश्रम से लौटते समय शंकरपुर में अचानक कारकेड रुकवा दिया। आरएसएस के स्वयंसेवक देवेंद्र राठौर के राठौर स्वल्पाहार गृह पर जब वह रुके तो लोग अचरज में पड़ गए। वाहन से नीचे उतरकर वह सीधे होटल में पहुंचे और पोहे की डिमांड कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने वहां मौजूद हर शख्स से बात की और पोहे ऑफर किए।
दरअसल सीएम उमाकांत महाराज से मिलने के बाद रामघाट तरफ जा रहे थे। शंकरपुर में राठौर की दुकान है। सीएम बनने से पहले यहां से निकलते समय वह अक्सर दुकान पर रुकते थे और बातचीत करते थे। शुक्रवार को भी वह रुके और पोहे का नाश्ता किया। इस दौरान उन्होंने दुकान में मौजूद ग्राहक और कार्यकर्ताओं का हाल-चाल भी जाना। करीब दस मिनट बाद वह रामघाट के लिए रवाना हुए और हरसिद्धि पाल के पास रुके। यहां चौड़ीकरण का काम चल रहा है। उन्होंने वाहन से उतरकर काम देखा। अफसरों को पास बुलाया और कहा क्वालिटी का ध्यान रखना।
सिंहस्थ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु यहीं होंगे और उनकी नजरें सब परख लेंगी। इसलिए किसी तरह की चूक मत रखना। पाल से होते हुए वह रामघाट पहुंचे और यहां शिप्रा परिक्रमा की तैयारियों को परखा। उन्होंने साथ चले डॉ. रवि सोलंकी से कहा कि दत्त अखाड़ा से भी लोग आएंगे, ऐसे में कनेक्टिविटी का ध्यान रखिएगा। संभागायुक्त आशीष सिंह ने सिंहस्थ निर्माण कार्यों की जानकारी दी। सीएम ने रामघाट पर चल रहे होमगार्ड के प्रशिक्षण शिविर का भी मुआयना किया। इस दौरान एडीजी राकेश गुप्ता, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट भी मौजूद थे।
सिंहस्थ का दूरगामी फायदा मिलेगा
मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि सिंहस्थ में वह काम कराए जा रहे हैं, जिसका फायदा लंबे समय तक शहर को मिलेगा। उज्जैन का विधायक और प्रदेश का मुखिया होने के नाते मुझे गर्व है कि पूरा शहर, जनप्रतिनिधि और शहरवासी बढ़-चढक़र सिंहस्थ कामों में सहयोग कर रहे हैं। वह प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन के लिए खुद अपने मकान तोड़ रहे हैं। यह मेरे लिए गौरव की बात है।
उमाकांत महाराज से कहा, आपके अनुशासन से काम हो रहे हैं
इ ससे पहले उमाकांत महाराज से मुलाकात में सीएम ने कहा कि आपके बताए अनुशासन मुताबिक प्रदेश में काम हो रहे हैं। महाराज गुरुदेव की कृपा से हम सनातनी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। आपकी शिक्षा सही तरीके से जीवनयापन करने का संदेश देती है। इसे पूरे प्रदेश में लागू कर रहे हैं। उज्जैन में गीता वन बना रहे हैं, भगवान श्रीकृष्ण के सिंद्धातों को आत्मसात करते हुए गोपालन को भी अपना रहे हैं। महाराज का आशीर्वाद हम सबको चिरकाल तक मिलता रहेगा।
सीएम ने पहले प्रवचन सुने फिर एकांत में की मुलाकात
उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार की सुबह उंडासा स्थित बाबा जय गुरुदेव आश्रम में उमाकांत महाराज के प्रवचन सुने और फिर एकांत में उनसे मुलाकात की। सीएम रात को उज्जैन पहुंचे थे। वीआईपी रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम कर सुबह वह आश्रम के लिए निकले। गुलाबी बार्डर वाली सफेद धोती, सफेद कुर्ते पर,मस्टर्ड ऑरेंज जैकेट पहने सीएम ने सिर पर सफेद रूमाल की ओढ़ ले रखी थी। उनके साथ उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल भी थे। डॉ. सोलंकी, और जैन ने सिर पर रूमाल तो अग्रवाल ने गुलाबी टोपी पहनी थी। करीब आधे घंटे तक प्रवचन सुनने के बाद सीएम ने उमाकांत महाराज से एकांत में मुलाकात की।









