स्कूल में बच्चों को दिखाई ‘धुरंधर’ प्राचार्य को नोटिस जारी किया

अक्षरविश्व न्यूज मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन तहसील स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कठहा में नाबालिग छात्रों को ‘ए’ (एडल्ट ओनली) सर्टिफिकेट प्राप्त धुरंधर फिल्म दिखाए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सलोनी शर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय की विज्ञान संकाय की कक्षा 11वीं में लगी एलईडी स्क्रीन पर छात्रों को ‘धुरंधर’ फिल्म दिखाई गई थी। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया गया है, जिसका अर्थ है कि यह 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए उपयुक्त नहीं है।
२ अगस्त का मामला
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने इस पर सवाल उठाए थे। मामले की जानकारी कलेक्टर तक पहुंचने के बाद जांच के निर्देश दिए गए, जिसके बाद प्राचार्य को नोटिस जारी किया गया।









