गणेश विसर्जन के दौरान भाजपा नेता के दो बेटे डूबे, 5 बच्चे डूबे थे, तीन को बचाया

अक्षरविश्व न्यूज खंडवा। गणेश विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। ग्राम नाहल्दा में शाम करीब साढ़े 4 बजे दो सगे भाई खदान में डूब गए। दोनों बच्चे भाजपा नेता के बेटे हैं। बड़ा बेटा विश्वास बारहवीं क्लास का स्टूडेंट हैं। जिसकी उम्र 17 साल है। वहीं छोटा बेटा लक्ष दसवीं का स्टूडेंट हैं। जिसकी उम्र 16 साल है।
हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गया। एसडीआरएफ की टीम दोनों भाइयों की तलाश में जुटी है। खंडवा एसडीएम भी मौके के लिए रवाना हुए हैं। दोनों बच्चों के पिता मोंटू ठाकुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, गणेश विसर्जन के दौरान 5 बच्चे डूबे थे, जिनमें से तीन बच्चों को गांव के युवकों ने निकाल लिया।
हादसा ग्राम नाहल्दा के पास एक खदान में हुआ है। जिसमें पानी भरा हुआ था। कांग्रेस नेता कैलाश पटेल ने बताया कि, खदान को सड़क निर्माण के दौरान अवैध रूप से खोदा गया था। जिसमें पानी भर आया और पहली बार गांव के लड़के यहां गणेश विसर्जन के लिए आए थे।
मौके पर होमगार्ड की तीन सदस्यीय टीम नाव से सर्चिंग कर रही है। टीम के पास सिर्फ मांजरी उपकरण हैं, जिनकी मदद से तलाश की जा रही है। दल में एक भी गोताखोर नहीं है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि दोनों भाई कपड़े उतारकर पानी में उतरे थे। खदान के अंदर पत्थर हैं। ऐसे में बिना गोताखोर के रेस्क्यू करना मुश्किल हो रहा है।
इसके बाद एसडीएम ऋषि सिंघई ने आला अधिकारियों से बात की। हालांकि, दो घंटे बाद भी गोताखोरों की व्यवस्था नहीं हो पाई। शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर घटनास्थल पर भी जरूरी सुविधाएं नहीं पहुंच पाने से प्रशासन के सामने चुनौती बनी हुई है। दोनों भाइयों के कपड़े घटनास्थल के बाहर रखे हैं। गणेश विसर्जन के लिए लाई गई प्रतिमा का नारियल भी कपड़ों के ऊपर रखा है।









