Popup Image
Advertisement

संपत्ति के लिए 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 5 घंटे बाद नीचे उतरा तो भेजा जेल

12 दिन में दूसरी बार हुई बीएसएनएल टावर पर चढऩे की घटना

Advertisement

माता-पिता से बंटवारे को लेकर था विवाद, आत्महत्या की धमकी दे रहा था

अक्षरविश्व न्यूज देवास। पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलने से नाराज एक युवक शुक्रवार सुबह करीब 150 फीट ऊंचे बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर बैठकर उसने आत्महत्या की धमकी दी तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। करीब पांच घंटे तक पुलिसकर्मी उससे मोबाइल पर संपर्क कर सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाइश देते रहे। परिजन से भी उसकी बात कराई गई। आश्वासन के बाद युवक को सावधानीपूर्वक नीचे उतारा गया। बाद में पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल भेज दिया गया।

Advertisement

जानकारी के अनुसार बागली थाना क्षेत्र में चापड़ा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने बने बीएसएनएल टावर पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक टावर पर चढ़ा हुआ है और आत्महत्या की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीवन भिड़ोरे पुलिस बल और डायल-112 एफआरवी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने टावर पर बैठे युवक से मोबाइल फोन के जरिए संपर्क किया। उसने अपना नाम प्रकाश उर्फ सुदामा पिता हरिराम भाटी (41), निवासी वार्ड क्रमांक-2, बागली बताया। बातचीत में उसने माता-पिता पर पैतृक संपत्ति का बंटवारा नहीं करने का आरोप लगाया। इसी बात से नाराज होकर टावर पर चढऩे की बात कही। पुलिस के अनुसार वह करीब दो साल से घर से अलग रह रहा था और पिछले कुछ दिनों से संपत्ति में हिस्सा देने के लिए परिजनों पर दबाव बना रहा था।

पुलिस के मुताबिक युवक के परिजन ने जीवित रहते पैतृक संपत्ति का बंटवारा करने से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उससे लगातार संवाद बनाए रखा। इस दौरान परिजनों और परिचितों से भी उसकी फोन पर बात कराई गई। शुरुआत में वह अपनी मर्जी से टावर पर चढऩे और अपनी मर्जी से ही नीचे उतरने की बात कहता रहा। लगातार समझाइश और बातचीत के बाद करीब पांच घंटे की मशक्कत में पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।

Advertisement

टावर की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में

बा गली में बीएसएनएल टावर पर चढऩे की 12 दिन के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पहले एक युवती भी अपनी मांग को लेकर इसी टावर पर चढ़ गई थी। उसने एक कागज पर अपनी परेशानी लिखकर नीचे फेंका था। इसमें उसने प्रेमी से शादी करने और परिवार के घर से निकालने की बात लिखी थी। युवती ने पति के साथ रहने की मांग पूरी नहीं होने पर टावर से छलांग लगाने की धमकी दी थी। पुलिस ने कई घंटे की समझाइश के बाद उसे नीचे उतारा था और उसके प्रेमी व परिजन को भी मौके पर बुलाया था। लगातार दूसरी घटना के बाद टावर की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। पिछली घटना के बाद आम लोगों के टावर तक पहुंचने पर रोक के पर्याप्त इंतजाम किए गए या नहीं, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें