क्रिकेट बैट से दादा की हत्या, पोती बोली- गलत नजर रखते थे, कई दिनों से चुप थी

एरोड्रम थाना क्षेत्र की घटना, घायल दादा ने अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी
अक्षरविव न्यूज इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने अपने 75 वर्षीय दादा पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। पुलिस पूछताछ में छात्रा ने दादा पर लंबे समय से गलत नजर रखने और अश्लील हरकतें करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती शनिवार रात बुलेट से अपने दादा-दादी के घर पहुंची थी और वहीं रुकी थी। देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान युवती ने क्रिकेट बैट से दादा के सिर पर कई वार कर दिए। उनकी पत्नी ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा तो शोर मचाया। परिजन उन्हें तत्काल अरविंदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, युवती ने दादा पर अश्लील हरकत करने के आरोप लगाए हैं।
बदनामी के डर से किसी को नहीं बताई बात
पुलिस के मुताबिक, मृतक एसएएफ से सेवानिवृत्त थे और पत्नी के साथ अलग रहते थे। वहीं उनकी पोती अपने माता-पिता के साथ महालक्ष्मी नगर में रहती है। पूछताछ में युवती ने आरोप लगाया कि दादा काफी समय से उस पर गलत नजर रखते थे और कई बार अश्लील हरकत कर चुके थे। युवती का कहना है कि परिवार की बदनामी और लोक-लाज के डर से उसने पहले किसी को इस बारे में नहीं बताया।









