चलती कार बनी आग का गोला, कूदकर बचाई जान

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। कलेक्टर ऑफिस के समीप जीडीसी कॉलेज के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि बोनट से धुआं उठते ही कार सवार व्यापारी और उनके दोस्त समय रहते बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया।
एमआर-10 स्थित नॉर्थ एवेन्यू कॉलोनी निवासी शैलेंद्र जैन बीती रात करीब 9 बजे अपने दोस्त के साथ कार से महूनाका की तरफ जा रहे थे। जीडीसी कॉलेज के पास पहुंचते ही अचानक कार के बोनट से घना धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए शैलेंद्र और उनके साथी तुरंत गाड़ी रोककर बाहर निकल आए। देखते ही देखते चंद सेकंड में पूरी कार भीषण लपटों में घिर गई। बीच सड़क पर कार धू-धू कर जलने से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और जूनी इंदौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक टैंक पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पाया, हालांकि तब तक गाड़ी बुरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
3 मंजिला होटल में लगी भीषण आग
इंदौर। बॉम्बे हॉस्पिटल के सामने सर्विस रोड स्थित तीन मंजिला ‘कांसा होटल स्क्वैयरÓ में सोमवार तड़के शॉर्ट-सर्किट से भीषण आग लग गई। लपटें उठते ही कर्मचारियों ने कमरों में सो रहे मेहमानों को आनन-फानन में बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने 20 हजार लीटर पानी डालकर पौन घंटे में आग पर काबू पाया। राहुल यादव द्वारा संचालित इस होटल पर नक्शे के विपरीत निर्माण और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध होटलों का मामला पहले भी उठ चुका है… सील होने के बाद भी ऐसी इमारतें दोबारा शुरू कर दी गई थीं।









