Popup Image
Advertisement

नवरात्र में लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत को देवास तैयार

8 अक्टूबर तक सजकर तैयार होगा शहर

Advertisement

गुजराती पैटर्न की रोशनी से दमकेगी टेकरी, सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

अक्षरविश्व न्यूज देवास। नवरात्र में मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के देवास पहुंचने की संभावना के बीच शहर से लेकर माता टेकरी तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नगर निगम ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विद्युत सज्जा शुरू कर दी है, एबी रोड के डिवाइडर पर खंभे खड़े कर जाली लगाने का काम चल रहा है। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन के दौरान सड़क पार करने की अनियंत्रित आवाजाही रोकने और यातायात को सुचारू रखने में मदद मिलेगी। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने शहर की नवरात्र सजावट 8 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

माता टेकरी पर इस बार गुजरात के मंदिरों और गरबा पंडालों की तर्ज पर आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। अधिकांश हिस्सों में रोशनी का काम पूरा हो चुका हैै। परिक्रमा मार्ग को भी अलग-अलग रंगों की लाइट से सजाया जा रहा है। रपट मार्ग, सीढ़ी मार्ग और अन्य संवेदनशील हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ बढऩे पर ऊपरी हिस्से और रपट मार्ग के सामने जिगजैग व्यवस्था से श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

दोनों मंदिरों में नए एसी शेड का रिनोवेशन
टेकरी प्रभारी नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा मंदिर के गर्भगृह में नए एसी लगाए गए हैं। सभी शेड का रिनोवेशन कराया गया है। छोटी माता मंदिर के समीप कुंड पर सुरक्षा जालियां लगाई गई हैं। रपट मार्ग, सीढ़ी मार्ग सहित अन्य स्थानों पर आवश्यक बैरिकेडिंग की गई है। रपट मार्ग, बड़ी माता और छोटी माता मंदिर के प्रवेश व निकास हिस्सों में हैंगिंग वार्म लाइट्स लगाई जाएंगी।

Advertisement

भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए माता टेकरी पर करीब 100 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इनमें पुलिस के 28 कैमरे भी शामिल हैं। इसके अलावा ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस टेकरी के कंट्रोल रूम को देने की तैयारी है, ताकि शहर में भीड़ की स्थिति का भी आकलन किया जा सके और जरूरत पडऩे से पहले व्यवस्था बदली जा सके।

नवरात्र के दौरान इंदौर रोड से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। रसूलपुर तिराहा पर निर्माण कार्य चलने के कारण यहां जाम की स्थिति को देखते हुए भीड़ बढऩे पर भारी वाहनों को लोहारपीपल्या बायपास से बांगर की ओर भेजा जाएगा। वहां से नागूखेड़ी बायपास होते हुए मक्सी और भोपाल रोड की ओर यातायात निकाला जाएगा। आवश्यकता पडऩे पर अन्य वाहनों के लिए भी डायवर्जन लागू किया जा सकेगा। यात्री वाहनों को लोहारपीपल्या-बांगर-नागूखेड़ी बायपास होते हुए मक्सी रोड बायपास और भोपाल बायपास चौराहे से शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

मंडी गेट से शुरू हुई लाइटिंग
शहर में एबी रोड के चौराहों के साथ पूरे मार्ग पर विद्युत सज्जा की जा रही है। मंडी गेट क्षेत्र से इसकी शुरुआत हुई है। अगले एक-दो दिन में मार्ग पर झंडे और लग्गियां लगाने का काम भी शुरू होगा। स्टेशन रोड के डिवाइडर पर भी एबी रोड की तर्ज पर खंभे और जाली लगाने की तैयारी है। उज्जैन रोड तिराहा, सिविल लाइन तिराहा सहित प्रमुख चौराहों को आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है।

पार्किंग भरने के साथ बढ़ाए जाएंगे वैकल्पिक स्थल
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए स्टेशन रोड, नगर निगम, शिक्षा विभाग, उत्कृष्ट विद्यालय, सिविल लाइंस और मोतीबंगला सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। निर्धारित स्थल भरने के साथ अतिरिक्त स्थानों का उपयोग किया जाएगा। भीड़ बढऩे पर सिविल लाइन, वनमंडल, रामनगर, कैलादेवी चौराहा, विकास नगर और मधुमिलन चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

शिफ्ट में ड्यूटी, एफएम से मिलेगी ट्रैफिक की जानकारी
व्यवस्था संभालने के लिए राजस्व और पुलिस बल के साथ कोटवार, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, वॉलंटियर और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों की शिफ्टवार तैनाती की जाएगी। इस बार इंदौर के एफएम रेडियो के माध्यम से भी देवास में दर्शन व्यवस्था, भीड़ और यातायात की स्थिति की जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। नवरात्र का पहला दिन रविवार होने तथा सप्तमी-अष्टमी पर वीकेंड पडऩे से इन दिनों विशेष भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को उसी अनुरूप तैयार किया है।

दोबारा खुलेगा अन्न क्षेत्र
माता टेकरी पर श्रद्धालुओं को अब भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। करीब एक महीने से बंद पड़ा अन्न क्षेत्र नवरात्र से पहले फिर से शुरू होने जा रहा है। मंदिर समिति ने इसके संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार से अन्न क्षेत्र में सफाई और रंग-रोगन का काम कराया गया। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा काफी अहम है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें