नवरात्रि को लेकर अतिक्रमण पर दिखाई सख्ती, 100 दुकानदारों को नोटिस

एबी रोड पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, 4-5 ट्रैक्टर-ट्रॉली सामान जब्त
अक्षरविश्व न्यूज देवास। नवरात्रि में माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने एबी रोड पर अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। दुकानों के बाहर रखा सामान, अवैध टेंट, सड़क तक फैले गैराज और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 4-5 ट्रैक्टर-ट्रॉली सामान जब्त किया गया, वहीं करीब 100 दुकानदारों को सीआरपीसी की धारा के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। दुकानदारों ने सड़क किनारे सामान रखने के साथ अवैध टेंट लगा रखे थे। कुछ गैराज भी सड़क तक फैले हुए थे, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। संयुक्त टीम ने ऐसे अतिक्रमण हटाकर सामान जब्त किया है।
नवरात्रि तक रोज चलेगा अभियान
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ दुकानदार अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे दुकानदारों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण करने या निर्देशों का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ एसडीएम के यहां वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नवरात्रि तक प्रतिदिन अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई में यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम के साथ यातायात थाना प्रभारी पवन बागड़ी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।









