किसी की ट्रक ने ली जान, कोई कुएं में तो किसी का तालाब में मिला शव

देवास में तीन घटनाओं से लोगों में मचा हड़कंप पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू की है…
शहर में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत के मामले सामने आए। इंदौर से देवास ड्यूटी पर आ रहे एसबीआई कर्मचारी की सड़क हादसे में जान चली गई, वहीं चाणक्यपुरी मल्टी के पास कुएं में 55 वर्षीय महिला का शव मिला। इसके अलावा मीठा तालाब में 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अचानक हुई इन घटनाओं से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
इंदौर से देवास ड्यूटी पर आ रहे बैंक कर्मचारी को ट्रक ने कुचला, मौत
पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर पीछे से आए वाहन का पहिया सिर और छाती पर चढ़ा
अक्षरविश्व न्यूज देवास। इंदौर से देवास स्थित एसबीआई के रीजनल ऑफिस में ड्यूटी पर आ रहे एसबीआई बैंक कर्मचारी की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। औद्योगिक थाना क्षेत्र के रसलपुर बायपास के पास पहले अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए दूसरे वाहन का पहिया उनके सिर और छाती के ऊपर से निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। औद्योगिक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार मयंक पिता नारायण जैन मूल रूप से खान बड़ोदिया के निवासी थे। वे करीब दो साल से देवास में एसबीआई में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में पत्नी के साथ इंदौर के तलावली चांदा क्षेत्र स्थित टाउनशिप में रह रहे थे और रोजाना बाइक से देवास आना-जाना करते थे। मयंक के रिश्तेदार मुकेश जैन ने बताया कि वे रोजाना की तरह इंदौर से बैंक के रीजनल ऑफिस के लिए निकले थे। रसलपुर के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मयंक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें कुचल दिया। सिर और छाती पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मयंक की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। परिवार में माता-पिता और पत्नी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया।
बेटी के घर से निकलने के बाद लापता हो गई
अक्षरविश्व न्यूज देवास। चाणक्यपुरी मल्टी के पास पानी से भरे कुएं में मंगलवार रात 55 वर्षीय महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मिश्रीलाल नगर निवासी बीनू पति दिनेश घाडगे के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार वे करीब एक साल से बीमार थीं। बेटी के घर से निकलने के बाद लापता हुई थीं। तलाश के दौरान कुएं में शव मिलने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि बीनू घाडगे मंगलवार को चाणक्यपुरी स्थित बेटी अंकिता के घर गई थीं। बेटी और दामाद वहां से मकान खाली कर रहे थे।
सामान समेटने के बाद उन्होंने भतीजे से कहा था कि उन्हें लेने आ जाना। इसके बाद वे शाम करीब 3.45 बजे घर से निकल गईं। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। दामाद निखिल जाधव ने बताया कि परिवार ने आसपास काफी खोजबीन की। इसी दौरान एक नागरिक ने घर के पीछे की ओर उन्हें जाते हुए देखने की जानकारी दी। इसके बाद खेत में तलाश की गई, जहां कुएं के पास उनके होने का पता चला। पानी से भरे कुएं में शव मिलने पर चप्पल और पहने हुए कपड़ों के आधार पर पहचान की गई।
इंतजार करते रहे घर वाले, वह नहीं लौटा…
अक्षरविश्व न्यूज देवास। मीठा तालाब में मंगलवार देर शाम 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नौसराबाद कॉलोनी निवासी अयान पिता मखमूर अंसारी के रूप में हुई है। वह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। देर शाम तालाब में उसका शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
बुधवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। अयान उज्जैन रोड ब्रिज के नीचे बजाज ऑटो पार्ट्स के गैरेज में काम करता था। वह पिछले करीब तीन साल से यहां काम कर रहा था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसके दो छोटे भाई हैं। अयान परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया। वार्ड-6 के पार्षद प्रतिनिधि प्यारे मियां पठान ने बताया कि अयान मंगलवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच घर से निकला था। देर शाम उसका शव मीठा तालाब में मिलने की जानकारी मिली। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।









