मदर डेयरी का दूध हुआ महंगा, जानें नई कीमत

मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इसके बाद फुल क्रीम, टोन्ड, डबल टोन्ड और गाय के दूध के लिए ग्राहकों को पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी। अगर आप भी रोजाना मदर डेयरी का दूध खरीदते हैं, तो जानिए अब किस वैरायटी के लिए कितने रुपये देने होंगे।
12 नवंबर से महंगा मिलेगा मदर डेयरी का दूध
मदर डेयरी की ओर से की गई कीमतों में बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों को अब दूध के लिए पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी फुल क्रीम दूध के दाम में हुई है। इसकी कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, गाय का दूध भी 3 रुपये महंगा हो गया है। कंपनी के मुताबिक, दूध उत्पादकों से खरीद की लागत लगातार बढ़ रही है। इसका असर कंपनी के खर्च पर पड़ रहा है। इसी वजह से बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाने का फैसला लिया गया है।
मदर डेयरी के नए रेट क्या होंगे?
12 नवंबर से लागू होने वाली नई कीमतों के बाद अलग-अलग तरह के दूध के दाम इस प्रकार रहेंगे।
| दूध की किस्म | पुरानी कीमत (प्रति लीटर) | नई कीमत (प्रति लीटर | कुल बढ़ोतरी |
| फुल क्रीम दूध (पाउच) | 72 रुपये | 76 रुपये | 4 रुपये |
| गाय का दूध | 62 रुपये | 65 रुपये | 3 रुपये |
| टोंड मिल्क (पाउच) | 60 रुपये | 62 रुपये | 2 रुपये |
| टोंड मिल्क (थोक/बल्क वेंडेड) | 58 रुपये | 60 रुपये | 2 रुपये |
| डबल टोंड मिल्क | 54 रुपये | 56 रुपये | 2 रुपये |
दूध की कीमतें बढ़ाने की क्या है वजह?
मदर डेयरी के अनुसार, किसानों से दूध खरीदने की लागत में बढ़ोतरी हुई है। कंपनी अपनी कुल बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा दूध उत्पादकों को देती है। ऐसे में खरीद लागत बढ़ने से कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। कंपनी का कहना है कि किसानों को उचित भुगतान जारी रखने और बढ़ती लागत को संभालने के लिए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।
इससे पहले कब बढ़े थे मदर डेयरी के दाम?
मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब करीब छह महीने बाद कंपनी ने एक बार फिर दाम बढ़ाने का फैसला किया है। नई कीमतें 12 नवंबर से लागू होने के बाद रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों का मासिक बजट भी प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़े: 8वें वेतन आयोग से चमकेंगे ये 4 सेक्टर
अमूल के दूध के दाम में कब हुआ था बदलाव?
दूध बाजार की दूसरी बड़ी कंपनी अमूल ने भी 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके अलावा कंपनी ने दिवाली से पहले घी की कीमत में 40 से 50 रुपये प्रति लीटर और 500 ग्राम टेबल बटर पैक के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इस तरह दूध और डेयरी उत्पादों की बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है।









