Popup Image

जन्म प्रमाण पत्रों में बड़ा खेल, नाम-पहचान बदली और यूनिक आईडी तक गायब

30 हजार से एक लाख रुपए लेकर प्रमाण पत्र  जारी करने के आरोप
यूजर आईडी-पासवर्ड और ओटीपी के दुरुपयोग की आशंका, सीएमएचओ ने बनाई जांच समिति, सात दिन में आएगी रिपोर्ट
अक्षरविश्व न्यूज देवास। जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। आरोप हैं कि 30 हजार से एक लाख रुपए तक लेकर सरकारी रिकॉर्ड में बदलाव किए गए और बच्चों के नाम के साथ माता-पिता की पहचान बदलकर नए डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। कुछ प्रमाण पत्रों पर यूनिक आईडी की जगह आवेदन क्रमांक दर्ज होने से उनकी वैधता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, अधिकारियों की यूजर आईडी, पासवर्ड और ओटीपी का दुरुपयोग कर प्रमाण पत्र जारी किए जाने की आशंका भी जताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स ने गुरुवार को जांच समिति गठित कर दी। समिति ने दोपहर में जिला अस्पताल की जन्म-मृत्यु शाखा पहुंचकर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू की। उसे सात दिन में जांच प्रतिवेदन और अपना अभिमत प्रस्तुत करना है। उधर, विकास नगर की एक ऑनलाइन दुकान से भी जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक ही बच्चे के रिकॉर्ड में माता पिता के नाम तक बदले
शिकायत में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें सरकारी रिकॉर्ड में बच्चे का नाम दक्ष दर्ज है। मूल जानकारी के अनुसार उसकी मां का नाम कृष्णा बाई और पिता का नाम राहुल है। आरोप है कि इसी रिकॉर्ड में बदलाव कर आमिन खां के नाम से नया जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इसमें माता का नाम रुखसार बी और पिता का नाम इसराइल खां दर्ज है। यानी केवल बच्चे की पहचान ही नहीं, बल्कि माता-पिता के नाम भी बदल दिए गए। जांच से जुड़े दस्तावेजों में इस तरह के अन्य मामलों का भी उल्लेख किया गया है।
2004 से पहले के रिकॉर्ड और डिजिटल प्रक्रिया पर सवाल
जिला अस्पताल में वर्ष 2004 से पहले के जन्म का मूल रजिस्टर उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। इसके बावजूद इस अवधि के कुछ जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने के आरोप हैं। नियमानुसार पुराने रजिस्टर में दर्ज जानकारी और सूचना फॉर्म का मिलान करने के बाद ही प्रमाण पत्र जारी किया जाना चाहिए। इसी तरह वर्ष 2007 से 2015 के बीच पुराने ऑफलाइन रिकॉर्ड को डिजिटल करने की प्रक्रिया में भी अनियमितताओं की शिकायत है। नियमों के मुताबिक इस दौरान मूल रजिस्टर के संबंधित पेज की स्कैन कॉपी अपलोड करना और जिला रजिस्ट्रार की अनुमति लेना जरूरी था। आरोप है कि इन प्रक्रियाओं का पालन किए बिना ही कुछ रिकॉर्ड डिजिटल कर दिए गए।
अधिकार क्षेत्र से बाहर जारी किए प्रमाण पत्र
शिकायत में कुछ ऐसे मामलों का भी उल्लेख है, जिनमें जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार जिला अस्पताल के पास नहीं होने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी किए गए। तय समय सीमा के बाद जन्म पंजीयन के लिए संबंधित सक्षम अधिकारी की अनुमति आवश्यक होती है। पलकेश सिंह ठाकुर का जन्म 16 जनवरी 2009 को हुआ था। आरोप है कि सांख्यिकी विभाग की अनुमति के बिना 2 नवंबर 2026 को जिला अस्पताल से उनका नया प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इसी तरह साजिद खान का जन्म 14 नवंबर 1999 को हुआ था। उनके पिता का नाम अमजद खान दर्ज है। आरोप है कि 24 अक्टूबर 2026 को अस्पताल से उनका प्रमाण पत्र जारी किया गया, जबकि इसके लिए अस्पताल अधिकृत नहीं था।
सूत्रों के अनुसार इंदौर रोड स्थित विकास नगर की एक ऑनलाइन दुकान पर जन्म प्रमाण पत्र अधिकारी के हस्ताक्षर कर दस्तावेज तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है। जांच समिति इस पहलू सहित प्रमाण पत्र जारी करने की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल करेगी। शिकायत में जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण अधिनियम 1969 की धारा 23 और मध्यप्रदेश जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण नियम 1999 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही कथित रूप से गलत तरीके से जारी प्रमाण पत्र निरस्त करने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है।
सीएमएचओ ने कहायसे दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी और सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की शिकायत प्राप्त हुई है। इसके बाद जांच समिति गठित की गई है। गुरुवार को टीम ने जन्म-मृत्यु शाखा पहुंचकर दस्तावेज देखे और वहां से डेटा भी लिया है। अब रिकॉर्ड का मिलान कर पूरे मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि जन्म-मृत्यु शाखा के प्रभारी से भी चर्चा कर जानकारी ली जाएगी। विकास नगर की ऑनलाइन दुकान पर प्रमाण पत्र तैयार किए जाने की शिकायत के संबंध में उन्होंने कहा कि यदि जांच में इसकी पुष्टि होती है तो निश्चित रूप से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
इन अधिकारियों को  सौंपी जांच की जिम्मेदारी
जांच समिति में सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स के साथ डॉ. मोहम्मद शाहिद शेख (जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी) को जांच अधिकारी, डॉ. मनीषा मिश्रा (नेत्र रोग विशेषज्ञ) को सहायक जांच अधिकारी और कमलसिंह डावर (जिला मीडिया अधिकारी) को सदस्य बनाया गया है। छाया व्यास, डाटा एंट्री ऑपरेटर, आरबीएसके जिला चिकित्सालय को समिति के लिपिकीय कार्य में सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है। समिति को जांच पूरी कर सात दिवस के भीतर प्रतिवेदन मय अभिमत अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।

Advertisement

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें