Popup Image

सिंहस्थ : अभी से ही आने लगी जमीन की डिमांड स्वयंसेवी संस्थाएं चाह रहीं तीन गुना तक जमीन

मेला कार्यालय में अभी से आने लगे आवेदन प्रशासन के सामने जगह देने का रहेगा संकट

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस बार का सिंहस्थ पिछले की तुलना में भव्य रहने वाला है,क्योंकि अभी से ही संस्थाओं ने जमीन की डिमांड भेजनी शुरू कर दी है। संस्थाएं पिछली बार की तुलना में तीन गुना ज्यादा तक जमीन मांग रही है। हालांकि अभी मेला क्षेत्र विकसित करने का काम शुरू नहीं हुआ है। यह काम अगले साल खरीफ सीजन के बाद शुरू होगा।

सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी के बाद इस बार प्रयागराज में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए उज्जैन में भी सिंहस्थ की बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है। उज्जैन के सिंहस्थ में 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया जा रहा है।

Advertisement

कुल 3360.6 हेक्टेयर क्षेत्र में मेेला क्षेत्र बसाया जाएगा। पहले पूरे मेला क्षेत्र को चार भागों (कालभैरव, मंगलनाथ, दत्त अखाड़ा, महाकाल) में बांटा गया था, अब लोगों की सुविधा के दृष्टि से इनमें और विभाजन किया गया है। जैसे मंगलनाथ को मंगलनाथ नार्थ एवं साउथ, दत्त अखाड़ा को ईस्ट, वेस्ट और सेंट्रल और महाकाल को ईस्ट-वेस्ट कर दिया गया है। इसी के अनुसार मेला क्षेत्र मे अब व्यवस्थाएं जुटाई जाएंगी।

पहले की तुलना में दोगुनी-तिगुनी जमीन
इस बार सिंहस्थ को बड़ा करने में संस्थाओं का योगदान रहने वाला है। वह दो से तीन गुनी जमीन मांग रही है। पिछली बार मोहनपुरा क्षेत्र में 1.25 लाख स्केवयर फीट जमीन पर शिविर बसाने वाला श्याम परिवार महासंघ इस बार ३.७५ लाख स्केवयर फीट जमीन चाह रहा है। संघ के प्रमुख लोगों ने पिछले दिनों सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल से मुलाकात की और डिमांड पत्र सौंपा। हालांकि अग्रवाल ने उनसे कहा है कि अभी जमीन का आवंटन नहीं हो रहा है। इस दौरान संघ परिवार के लोगों ने अग्रवाल का अभिनंदन किया।

Advertisement

रोज दो घंटे लोगों से सुझाव लेंगे अध्यक्ष

सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने सफल सिंहस्थ के लिए लोगों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। इसके लिए उन्होंने एक पत्र जारी किया है। इसके अनुसार सफल सिंहस्थ के लिए सभी के सुझाव आमंत्रित हैं। यह सुझाव व्यक्तिगत और लिखित तौर पर उन्हें दिए जा सकते हैं। रोजाना दोपहर 12 से 2 के बीच वह सुझाव प्राप्त करेंगे। अग्रवाल ने लोगों से कहा कि आने से पहले अगर कॉल कर संपर्क करेंगे तो और आसानी होगी।

जमीनों के लिए प्रस्ताव आने लगे हैं: इस बार का सिंहस्थ भव्य रहने वाला है। मठ-आश्रम, अखाड़ों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से भूमि आवंटन के अनुरोध मिल रहे हैं। अधिकतर पहले की तुलना में दो से तीन गुना जमीन चाह रहे हैं। फिलहाल जमीन की प्रोसेस अभी शुरू नहीं हुई है। जब शुरू होगी तब उपलब्धता के आधार पर आवंटन किया जाएगा।
जगदीश अग्रवाल, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें