PM स्वनिधि योजना में इंदौर देश में नंबर-1

सबसे ज्यादा जरूरतमंदों को लोन दिलाने पर मिला राष्ट्रीय सम्मान
इंदौर। स्वच्छता के बाद अब आर्थिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी इंदौर ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है। केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंद हितग्राहियों को सबसे ज्यादा ऋण उपलब्ध कराने के मामले में इंदौर ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार की ओर से शहर को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया।
नई दिल्ली में महापौर और निगम कमिश्नर ने ग्रहण किया सम्मान
नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में इंदौर की ओर से महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पीएम स्वनिधि योजना के विभाग प्रभारी मनीष शर्मा (मामा), नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल और राजवीर धाकड़ शामिल हुए। भारत सरकार की ओर से इंदौर को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ऋण वितरण में शीर्ष स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया।
अभियान चलाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाया योजना का लाभ
इंदौर नगर निगम की ओर से पीएम स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। इसके लिए निगम स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया। जरूरतमंदों को योजना की जानकारी देने के साथ ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी सहायता उपलब्ध कराई गई।
इन प्रयासों के चलते ऋण वितरण के मामले में इंदौर ने देश के दूसरे शहरों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया।
रेहड़ी-पटरी वालों को कारोबार के लिए मिलता है ऋण
पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी वालों, ठेला संचालकों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों को आसान प्रक्रिया से ऋण दिया जाता है, जिससे वे अपना कारोबार दोबारा शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए पूंजी जुटा सकें।
योजना से छोटे दुकानदारों और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है।
स्वच्छता के बाद अब आर्थिक योजनाओं में बनाई पहचान
इंदौर पहले भी स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। अब पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन और ऋण वितरण में देश में पहला स्थान हासिल करना शहर की उपलब्धियों में एक और कड़ी है। इस सफलता से नगर निगम के प्रयासों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।









