Popup Image

टोल मैनेजर की मौत के मामले में पिकअप चालक गिरफ्तार, चार घंटे बाद खत्म हुआ चक्काजाम

सारंगपुर से आरोपी को पकड़ा, पिकअप वाहन जब्त; एमपीआरडीसी ने परिजन को दिए एक लाख रुपए

Advertisement

चार घंटे तक बंद रहा रास्ता, जाम में फंसी एंबुलेंस

अक्षरविश्व न्यूज अकोदिया/शाजापुर। शुजालपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर मैनेजर प्रदीप मीणा की मौत के मामले में पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सारंगपुर से पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। इधर, मंगलवार सुबह 8.30 बजे से टोल प्लाजा पर ग्रामीणों और परिजनों द्वारा किया जा रहा चक्काजाम दोपहर 12.30 बजे समाप्त हो गया। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद मार्ग पर यातायात बहाल हुआ।

Advertisement

एमपीआरडीसी की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजन को एक लाख रुपए की नकद सहायता राशि प्रदान की। एसडीओपी निमेष देशमुख, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी चक्काजाम समाप्त करने को तैयार हुए।
चक्काजाम में करीब 200 ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा के दोनों ओर यातायात रोक दिया था, जिससे अकोदिया-शुजालपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। थाना प्रभारी की समझाइश के बाद करीब पांच मिनट में एंबुलेंस को रास्ता दिया गया।

चक्काजाम के दौरान सारंगपुर की ओर जाने वाले वाहनों को तलेन मार्ग से निकाला जा रहा था, जबकि अकोदिया से शुजालपुर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। प्रदर्शनकारी पिकअप चालक की गिरफ्तारी, वाहन जब्त करने और मृतक के परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। साथ ही एमपीआरडीसी और टोल संचालन करने वाली ठेका कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग भी की गई।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना था कि 26 वर्षीय प्रदीप की शादी एक साल पहले ही हुई थी। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। ऐसे में परिवार को उचित आर्थिक सहायता और न्याय मिलना चाहिए।

यह था पूरा मामला
सोमवार शाम करीब 6.45 बजे एमपी 42 जेडई 1826 नंबर का एक खाली लोडिंग पिकअप टोल प्लाजा पहुंचा था। व्यावसायिक वाहनों से 70 रुपए टोल शुल्क लिया जाता है। शुल्क मांगने पर चालक का टोल कर्मचारियों से विवाद हो गया। इसके बाद चालक ने पिकअप को रिवर्स गियर में लिया और टोल मैनेजर प्रदीप मीणा को कुचल दिया।

सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्रदीप की मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे सारंगपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में प्रकरण क्रमांक 267/26 दर्ज किया था। प्रारंभिक कार्रवाई में इसे दुर्घटना मानते हुए भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।

हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह महज दुर्घटना नहीं थी, बल्कि चालक ने जानबूझकर टोल कर्मचारी पर वाहन चढ़ाया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच में घटना के वास्तविक कारणों और चालक की मंशा का पता लगाया जाएगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें