Popup Image

5 साल से बेटी से नहीं मिले पिता का दर्द, कार पर लिखवाए वैवाहिक विवाद के 11 मामले

ऐसे लोगों की मदद के लिए बढ़ाया हाथ

Advertisement

भोपाल। पांच साल से बेटी से दूर रहने का दर्द एक पिता को किस दिशा में ले जाएगा, शायद उन्होंने खुद भी कभी नहीं सोचा होगा। जिस बेटी से मिलने का इंतजार आज भी खत्म नहीं हुआ, उसी से दूरी और लंबी कानूनी लड़ाई ने छतरपुर के मुदित चौरसिया को एक ऐसी मुहिम शुरू करने के लिए प्रेरित किया, जिसमें अब वे अपने जैसे परेशान लोगों की आवाज बनना चाहते हैं।
मुदित ने अपनी कार को ही इस मुहिम का माध्यम बना लिया है। उन्होंने कार पर वैवाहिक विवाद और उनसे जुड़े 11 मामलों का जिक्र करवाया है। भोपाल की सड़कों पर दौड़ रही यह कार लोगों का ध्यान खींच रही है। कार पर लिखे संदेशों के जरिए वे न सिर्फ अपनी पांच साल की कानूनी लड़ाई की कहानी बता रहे हैं, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया में देरी, पुलिस की कार्यप्रणाली और वैवाहिक विवादों से जुड़े मामलों के निराकरण पर भी सवाल उठा रहे हैं।

मुदित का कहना है कि वे नहीं चाहते कि जिस तरह की परेशानियों से वे गुजरे हैं, दूसरे लोग भी उसी दौर से गुजरें। इसलिए वे ऐसे मामलों से जूझ रहे लोगों से सामने आकर अपनी परेशानी बताने की अपील कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे अपनी समझ और अनुभव के आधार पर ऐसे लोगों की मदद करने की कोशिश करेंगे। लंबी कानूनी लड़ाई के दौरान मुदित को जिन परेशानियों का सामना करना पड़ा, अब वे उन्हीं मुद्दों को सार्वजनिक रूप से उठाना चाहते हैं। उनका आरोप है कि थानों से लेकर अदालतों तक न्याय पाने की कोशिश में कई तरह की दिक्कतें आती हैं।

Advertisement

शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार और रिश्वतखोरी जैसी स्थितियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए वर्षों तक मुकदमा लडऩा आसान नहीं होता। वकीलों की फीस और लंबी कानूनी प्रक्रिया कई लोगों को बीच में ही हिम्मत छोडऩे पर मजबूर कर देती है। मुदित ने गुजारा भत्ते और वकीलों की फीस को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कुछ मामलों में गुजारा भत्ते की रकम में हिस्सेदारी तय करने जैसी स्थितियां सामने आती हैं।

8 साल की थी बेटी, अब पांच साल से मिलने का इंतजार

Advertisement

मुदित की इस पूरी मुहिम के पीछे सबसे बड़ी वजह उनकी बेटी से दूरी है। उनके मुताबिक, जब पारिवारिक विवाद शुरू हुआ था, तब बेटी की उम्र महज आठ साल थी। आज करीब पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन वे उससे मिल नहीं पाए हैं। बेटी से मुलाकात के अधिकार से जुड़ा मामला इंदौर की फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। मुदित खुद इस केस की पैरवी कर रहे हैं। उनका कहना है कि एक पिता और बच्चे के बीच रिश्ते को बनाए रखने के लिए समय बेहद अहम है। कानूनी प्रक्रिया में होने वाली देरी का असर सिर्फ मुकदमे तक सीमित नहीं रहता, बल्कि बच्चों और परिवार के भावनात्मक जीवन पर भी पड़ता है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें