दो दिन गूंजेगा कुर्यात् सदा मंगलम… देव जागेंगे तो बजेगी शहनाई

20 नवंबर को स्मार्त और 21 नवंबर को वैष्णव परंपरा की एकादशी
उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में इस बार देव प्रबोधिनी यानी देवउठनी एकादशी दो दिनों तक मनेगी। 20 नवंबर शुक्रवार को स्मार्त परंपरा और 21 नवंबर शनिवार को वैष्णव परंपरा के अनुयायी एकादशी व्रत रखेंगे। दो दिनों तक मंदिरों और घरों में भगवान विष्णु की आराधना, तुलसी विवाह और धार्मिक अनुष्ठानों की मंगल ध्वनि सुनाई देगी। देवउठनी एकादशी के साथ ही चार माह के चातुर्मास का समापन होगा और विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजनों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। हालांकि यह उल्लास 16 दिसंबर तक ही रहेगा, क्योंकि इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा और शहनाइयों की गूंज एक माह के लिए थम जाएगी।
भगवान विष्णु के जागने के साथ शुरू होंगे शुभ कार्य
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार माह तक चातुर्मास रहता है। कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने की मान्यता है। इसी कारण इसे देवउठनी या देव प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन से विवाह, गृह प्रवेश, सगाई और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह भी इसी अवसर पर कराया जाता है। इसे सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन में मंगल का प्रतीक माना गया है।
पंचांग के अनुसार 20 नवंबर को एकादशी तिथि सुबह 7.15 बजे प्रारंभ होगी। इस दिन रवि योग रहेगा। वहीं 21 नवंबर को सुबह 6.31 बजे एकादशी तिथि समाप्त होगी और सिद्धि योग का संयोग रहेगा। परंपराओं के अनुसार स्मार्त और गृहस्थ श्रद्धालु 20 नवंबर को तथा वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर को व्रत रखेंगे। दोनों दिन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और तुलसी विवाह के आयोजन होंगे। सामूहिक विवाह भी होंगे।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार एकादशी का महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित आनंदशंकर व्यास के अनुसार देवउठनी एकादशी का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त होता है। तुलसी विवाह भगवान विष्णु और माता तुलसी के पवित्र संबंध का प्रतीक है। इस दिन व्रत, पूजन और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। पंडित प्रदीप पंड्या के अनुसार देव प्रबोधिनी एकादशी से विवाह संस्कारों की शुरुआत होती है। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह के लिए शुभ मुहूर्त उपलब्ध होते हैं। परिवारों में इस दिन तुलसी विवाह कराकर मांगलिक कार्यों की शुरुआत करने की परंपरा है। पंडित नितिन शर्मा के अनुसार विवाह के लिए देव उठनी एकादशी सर्वोत्तम अर्थात अबूझ मुर्हूत माना गया है।
16 दिसंबर से थमेगी शहनाई की गूंज
ज्योतिषीय गणना के अनुसार 16 दिसंबर 2026 को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास प्रारंभ होगा। यह अवधि 14 जनवरी 2027 तक रहेगी। मकर संक्रांति के बाद 15 जनवरी से मांगलिक कार्यों के मुहूर्त फिर उपलब्ध होंगे। खरमास में विवाह, सगाई, गृह प्रवेश, मुंडन और यज्ञोपवित जैसे संस्कार परंपरानुसार नहीं किए जाते।
आगामी विवाह मुहूर्त
| माह | शुभ विवाह की तारीखें |
|---|---|
| नवंबर 2026 | 21, 24, 25, 26 |
| दिसंबर 2026 | 2, 3, 4, 5, 6, 11, 12 |
| जनवरी 2027 | 15, 18, 19, 20, 24, 26, 27, 30, 31 |
| फरवरी 2027 | 2, 3, 9, 10, 11, 14, 15, 21, 22, 25, 26, 27, 28 |
| मार्च 2027 | 1, 2, 3, 4, 9, 10, 14 |
| अप्रैल 2027 | 18, 19, 21, 23, 24, 25, 26, 27, 28 |
| मई 2027 | 4, 7, 9, 13 से 25, 30, 31 |
| जून 2027 | 1, 5, 9, 10, 11, 12, 13, 15, 16, 17, 19, 20, 21, 26, 27, 28 |
| जुलाई 2027 | 1, 7, 8, 9, 11, 12 |









