उज्जैन में दर्दनाक हादसा, चैंबर साफ करने उतरे 4 लोगों की दम घुटने से मौत

बचाने उतरे दो अन्य की हालत बिगड़ी
उज्जैन। उज्जैन में उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। होटल का ओवरग्राउंड चैंबर साफ करने उतरे चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चैंबर में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से एक के बाद एक चारों लोग अंदर फंसते चले गए। उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। चारों लोगों को बाहर निकालने के बाद पुलिसकर्मियों ने करीब दो मिनट से अधिक समय तक CPR देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद, मनोज मीणा और वाहिद के रूप में हुई है। हादसे के बाद अस्पताल में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
चारों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। वहीं, मृतकों के परिजन पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने और शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं।









