कोठी महल का फिर लौटेगा नया शाही लुक

28 करोड़ रुपए से पैलेस को संवारने का काम शुरू

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कोठी महल का शाही लुक अब नए स्वरूप में देखने को मिलेगा। मध्यप्रदेश सरकार ने इसे देश का अदभुत वीर भारत संग्रहालय बनाने का निर्णय लिया है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत इसका काम शुरू कर दिया गया है। कोठी पैलेस को वीर भारत संग्रहालय बनाने के लिए स्मार्ट सिटी ने पहले चरण के तहत 28 करोड़ रुपए से पैलेस का पुराना स्वरूप लौटाने का ठेका दो कम्पनियों ने मिलकर लिया है। नई दिल्ली की आर्किटेक्ट मेसर्स धरोहर ने इसकी डिजाइन तैयार की है। यह महल अब लाल पत्थरों से राजस्थानी लुक में नजऱ आएगा। फिलहाल कंपनी ने तोडफ़ोड़ और संवारने का काम शुरू कर दिया है। वीर भारत न्यास इसे संग्रहालय बनाएगा।
मजदूर उखाड़ रहे प्लास्टर
ठेकेदार कंपनी द्वारा कोठी पैलेस के अंदर काम शुरू कर दिया है। मजदूरों द्वारा पुराने समय के निर्माण पर किए गए प्लास्टर को उखाड़ा जा रहा है। इसे पुराने समय की ईंट की दीवारों का रूप दिया जाएगा। इस काम में अभी काफी वक्त लगने की संभावना है।
लोकायुक्त कार्यालय अभी भी शिफ्ट नहीं: कोठी पैलेस में प्रशासनिक संकुल तरफ की एंट्री के पास चल रहे लोकायुक्त कार्यालय को प्रशासन अब तक दूसरी जगह शिफ्ट नहीं कर सका है। यह कार्यालय अभी भी यहीं संचालित हो रहा है।









