दुकान के गल्ले से 1.20 लाख चुराने वाले बदमाश को घेराबंदी कर पकड़ा, जेल भेजा

दो साथियों की तलाश, पहले रैकी करते थे फिर देते थे वारदात को अंजाम

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रैकी कर दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक बदमाश को बडऩगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से 32032 रुपए कैश बरामद किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वारदात में शामिल उसके दो अन्य साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि बडऩगर कोर्ट चौराहा पर फकरी स्टील के नाम से फरियादी मुफद्दल पिता शब्बीर हुसैन निवासी जय स्तंभ चौक की दुकान है। २२ मई को दोपहर करीब ३.३० बजे मुफद्दल के पिता शब्बीर हुसैन ने गल्ले में १.२० लाख रुपए गल्ले में रखे और लॉक लगाकर चाबी वहीं रखकर बाथरूम के लिए चले गए और मुफद्दल ग्राहकों को सामान दिखाने लगा। इसी बीच अज्ञात बदमाश गल्ले से रुपए चुरा ले गया।
थोड़ी देर बाद जब देखा तो गल्ले में चाबी लगी थी और रुपए नदारद थे। मामले में फरियादी मुफद्दल हुसैन ने ३० मई को प्रकरण दर्ज करवाया।
दो अन्य आरोपियों की तलाश
आरोपी नंदन गुर्जर ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि चोरी में उसके साथ महेश साठिया निवासी बक्षराज फैक्ट्री और एक अन्य भी शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के घर पर भी दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
फुटेज देखे, मुखबिरों को अलर्ट किया
घटना के बाद बडऩगर एसडीओपी महेंद्र सिंह परमार के मार्गदर्शन में टीआई अशोक कुमार पाटीदार व टीम ने दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और चोरी करते दिखे संदेहियों की पहचान के लिए मुखबिरों को अलर्ट किया। इसी बीच मुखबिर ने पुलिस को बताया कि उक्त हुलिए का एक व्यक्ति खोप दरवाजा पर कहीं जाने के लिए बैठा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी नंदन गुर्जर पिता बिलोस लाल (२९) निवासी ग्राम पीरझालार को धरदबोचा। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। उसके पास से पुलिस ने ३२०३२ रुपए कैश भी बरामद किया है। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









