सिंहस्थ में हवाई सफर से उज्जैन आ सकेंगे टूरिस्ट

दुबई का ओजोन गु्रप महाकाल और ओंकारेश्वर मंदिर के लिए तीन हवाईजहाज चलाएगा

750 करोड़ रुपयों से फ्लाई भारती कंपनी विकसित करेगी एयरपोर्ट
150 करोड़ से उज्जैन हवाई सेवाओं के लिए विभिन्न राज्यों से जुड़ेगा
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। प्रयागराज महाकुंभ के बाद आने वाले सिंहस्थ 2028 में उज्जैन महाकुंभ में आने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि महाकाल नगरी प्रदेश के विभिन्न राज्यों से हवाई सेवा से जुड़ने जा रही है। 750 करोड़ रुपयों से फ्लाई भारती कंपनी एयरपोर्ट विकसित करेगी। 150 करोड़ रुपयों से उज्जैन को हवाई सेवाओं के लिए विभिन्न राज्यों से जोड़ा जाएगा। दुबई का ओजोन ग्रुप महाकाल और ओंकारेश्वर मंदिर के लिए तीन हवाई जहाज चलाएगा।
प्रयागराज की तरह उज्जैन सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं का नया कीर्तिमान बन सकता है। इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार सजग हो गई है और उसने भोपाल में आयोजित हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में उज्जैन को हवाई सेवाओं से जोड़ने के लिए एविएशन कम्पनियों के साथ एमओयू साइन किए हैं। केंद्रीय उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में घोषणा की है कि उज्जैन में नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार ने इसकी तैयारी कर ली है।
उन्होंने बताया फ्लाई भारती के साथ उज्जैन में एयरपोर्ट डेव्हलपमेंट के लिए एमओयू हुआ। इसमें कंपनी द्वारा 750 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। कंपनी प्रधान एयर के साथ उज्जैन में और राज्य के भीतर हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए भी एमओयू किया गया है। इसमें 150 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री की घोषणा के बाद मध्यप्रदेश विमानन विभाग इसकी आगे की प्रक्रिया में जुट गया है। अभी इंदौर एयरपोर्ट से उज्जैन तक लोगों की बाय रोड आना पड़ता है। नया एयरपोर्ट विकसित होने से उज्जैन शहर के नजदीक ही उड़ानें उतर सकेंगी। फिलहाल देवास रोड स्थित दताना हवाईपट्टी को ही एयरपोर्ट के रूप में डेवलप करने की योजना है। विमानन विभाग अब फ्लाई भारती के साथ हवाईपट्टी का निरीक्षण कर योजना को आगे बढ़ाएगा।
यूरोपियन टूरिस्ट भी आ सकेंगे महाकाल मंदिर..
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दी हैं। इसी कड़ी में दुबई का ओजोन ग्रुप यूरोपियन टूरिज्म के लिए तीन हवाई उतारेगा। ओजोन ग्रुप की फाउंडर ओविलिया फर्नांडिस के अनुसार मध्यप्रदेश में अच्छी अपॉर्चुनिटी हैं। कंपनी एविएशन फील्ड में निवेश करने जा रही है। महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर में यूरोपियन टूरिस्ट आ सकते हैं। कंपनी यहां तीन हवाई जहाज शुरू करने का प्लान कर रही है।यूरोपियन टूरिज्म को लेकर मध्यप्रदेश सरकार के साथ उसने एमओयू साइन किया है।
इंदौर के रास्ते उज्जैन आने की बढ़ी उम्मीदें
इंदौर एयरपोर्ट से भी लोग उज्जैन आ सकेंगे। एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ अंतर्राष्ट्रीय रूट इंदौर से आबुधाबी और इंदौर से बैंकॉक और घरेलू रूट इंदौर से पटना, इंदौर से कोच्ची एवं इंदौर से वाराणसी के लिए विमान सेवाएं शुरू करने के लिये एमओयू किया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ अंतर्राष्ट्रीय रूट इंदौर से अबू धाबी और इंदौर से बैंकॉक और घरेलू रूट इंदौर से पटना, इंदौर से कोच्चि एवं इंदौर से वाराणसी के लिए विमान सेवाएं शुरू करने को लेकर एमओयू हुआ।









