नीदरलैंड दौरे पर पीएम मोदी बोले-ये दुनिया के लिए आपदाओं का दशक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों नीदरलैंड के दौरे पर हैं। द हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने वैश्विक चुनौतियों, भारत की आर्थिक प्रगति और तकनीकी विकास समेत कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान समय पूरी दुनिया के लिए कठिन दौर है और मानवता लगातार नई चुनौतियों का सामना कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में दुनिया ने कोरोना महामारी, युद्ध और ऊर्जा संकट जैसी गंभीर परिस्थितियां देखी हैं। यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो दशकों की विकास यात्रा प्रभावित हो सकती है और बड़ी आबादी गरीबी की ओर बढ़ सकती है।
पीएम मोदी के संबोधन की प्रमुख बातें
यूरोप में भारत के लिए अहम साझेदार बनेगा नीदरलैंड
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय व्यापार और निवेश के लिए नीदरलैंड यूरोप का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार साबित हो सकता है। उन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय को दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत कड़ी बताया।
वैश्विक संकटों पर जताई चिंता
मोदी ने कहा कि दुनिया लगातार कई बड़े संकटों से गुजर रही है। महामारी और युद्धों के कारण आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां बढ़ी हैं, जिनका असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
भारत बना स्टार्टअप इकोसिस्टम का बड़ा केंद्र
उन्होंने बताया कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। देश में लाखों युवाओं द्वारा नए इनोवेशन और स्टार्टअप्स पर काम किया जा रहा है।
डिजिटल ट्रांजेक्शन में भारत अग्रणी
पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ा है। UPI के जरिए रिकॉर्ड संख्या में लेनदेन हो रहे हैं और भारत वैश्विक स्तर पर डिजिटल भुगतान में बड़ी भूमिका निभा रहा है।
सेमीकंडक्टर और AI सेक्टर पर फोकस
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में कई सेमीकंडक्टर परियोजनाओं पर काम चल रहा है और कुछ इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है।
16 मई को बताया ऐतिहासिक दिन
उन्होंने कहा कि 16 मई भारतीय लोकतंत्र के लिए खास तारीख है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 2014 में देश में लंबे समय बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी।
प्रवासी भारतीयों की सराहना
प्रधानमंत्री ने नीदरलैंड में बसे भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि वहां भारतीयों ने अपनी मेहनत और योगदान से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि डच नेतृत्व भी भारतीय समुदाय की भूमिका की प्रशंसा करता है।









