पति ने फोन पर दूसरी शादी की धमकी दी तो महिला ने खाया जहर, मौत

उज्जैन। एक ग्रामीण महिला की रात दो बजे जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसने रात में जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगडऩे पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हैं।

मृतका का नाम हर्षिता पति आशीष 21 साल निवासी तराना है। मायके वालों ने बताया कि हर्षिता का विवाह दो साल पहले सीहोर निवासी आशीष के साथ किया था। पति दहेज की मांग को लेकर मारपीट करता रहता था। चार दिन पहले वह हर्षिता को सुमराखेड़ा स्टेशन पर छोड़कर चला गया था।
महिला ने सूचना दी तो उसका भाई घर ले गया। तभी से वह मायके में रह रही थी। सोमवार रात 11 बजे आशीष ने फोन पर दूसरी शादी की धमकी दी तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां रात 2 बजे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।









