शहर में घना कोहरा…. रिमझिम बरसात, तीन दिन बाद कड़ाके की ठंड

मौसम के तीखे तेवर बरकरार…

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण बुधवार सुबह कोहरा छाया। 50 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो रहा था। इस बीच रिमझिम बारिश ने शहर को तरबतर कर दिया है। हालांकि दिन और रात के तापमान में अधिक कमी नहीं आई है, लेकिन बर्फीली हवा, बरसात और कोहरे ने सभी को ठिठुरा दिया है। आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड के आसार बताये जा रहे हैं
जनवरी के शुरुआत से ही मौसम का मिजाज ठीक नहीं रहा है और अब तो इसके तेवर और तीखे हो गए हैं। मंगलवार को घना कोहरा रहा। दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन ठंड पर इसका कोई असर नहीं रहा। शाम को सर्द हवाएं चलने लगीं। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इधर बुधवार को सुबह से ही मौसम बिगड़ा हुआ रहा। अलसुबह तेज बौछारों के बाद कोहरे ने पूरे शहर को अपनी आगोश में ले रखा था।
हवा के साथ उड़ रही ओस की बूंदे सभी को भिगो रही थी। १० बजे बाद बादल घने हुए और रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। खराब मौसम के बीच तापमान में अधिक बदलाव नहीं हुआ है। इसके बावजूद तीखी ठंड बनी हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान २४.७ डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को न्यूनतम तापमान १५.७ डिग्री रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम बदला है। अगले 2 से 3 दिन तक कोहरा रहेगा। सिस्टम के गुजरने के बाद रात के टेम्प्रेचर में गिरावट होगी। इससे ठंड का असर बढ़ जाएगा।









