बायपास पर ‘हिट एंड रन’: फीनिक्स मॉल के पास अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा… मौत

मूसाखेड़ी में रहकर ड्राइवरी करता था अशोक… काम से लौटते समय हुआ हादसा

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। बायपास रोड पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कनाडिय़ा थाना क्षेत्र स्थित फीनिक्स मॉल के सामने एक अज्ञात और बेलगाम वाहन ने बाइक सवार युवक को ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही सांसे उखडऩे लगीं। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित रफूचक्कर हो गया। राहगीरों ने युवक को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुआ अशोक मूल रूप से खंडवा जिले का निवासी था। वह पिछले कुछ समय से इंदौर के मूसाखेड़ी इलाके में रहकर ड्राइवरी कर अपना और अपने परिवार का गुजारा कर रहा था। वह अपनी बाइक से किसी काम के सिलसिले में बायपास से गुजर रहा था, तभी मॉल के ठीक सामने काल बनकर आए वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद सड़क पर पड़े अशोक के पास मौजूद मोबाइल और दस्तावेजों ने उसकी पहचान में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने देर रात जब अशोक के फोन से उसके परिजनों को संपर्क किया, तो घर में कोहराम मच गया। कनाडिय़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया है। कनाडिय़ा थाना पुलिस अब फीनिक्स मॉल और आसपास के कमर्शियल प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि उस किलर वाहन की पहचान की जा सके जिसने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। बायपास पर लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर रात के समय पुलिस गश्त और तेज रफ्तार वाहनों की चैकिंग पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।








