इंदौर में लूट के बाद व्यापारी की हत्या

सब्जी लेने जा रहे थे, बदमाश लूटपाट करने लगे, विरोध किया तो चाकू मारकर जान ले ली; सोने की चेन लूट ले गए

इंदौर। इंदौर के राजेन्द्र नगर इलाके में सोमवार सुबह एक सब्जी व्यापारी की अज्ञात बदमाशों ने लूट के बाद हत्या कर दी। लूटपाट और हत्या से पहले सब्जी व्यापारी ने बदमाशों से संघर्ष भी किया था।
व्यापारी की चेन गायब है। गले पर खरोंच भी है। व्यापारी सब्जी लेने मंडी जा रहा था। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक घटना चाणक्यपुरी से चौइथराम मंडी की ओर जाने वाले ब्रिज पर हुई है। गुमास्ता नगर में रहने वाले 40 साल के चंदन भावसार सब्जी मंडी जा रहे थे। राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के केशरबाग ब्रिज पर बदमाशों ने व्यापारी को रोक लिया और चाकू दिखाकर लूटपाट करने लगे। चंदन ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। चंदन के पिता के मुताबिक ब्रिज की लाइट बंद होने के कारण उनके बेटे पर बदमाशों ने हमला किया। उसके गले पर छीना झपटी के निशान है। साथ ही उसके गले से सोने की चेन गायब है। प्रारभिक जांच में सामने आया कि बदमाश लूटपाट करना चाहते थे।
दो बेटियों का पिता था चंदन : पिता सत्यनारायण ने बताया कि बेटा चंदन उनसे अलग सुदामा नगर में रहता था। दो बेटियां है। वह प्रतिदिन ठेले पर सब्जी लेने मंडी जाता है और सब्जी की दुकान लगाता है। घटना की जानकारी पत्नी को नहीं दी गयी है।









