उज्जैन-आलोट से फिलहाल महेश परमार का एक ही नाम…

By AV News

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के पैनल तैयार

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 में के लिए विचार मंथन प्रारंभ करते हुए उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया है। अनेक क्षेत्र में केवल एक ही नाम सामने आया है। इसमें उज्जैन-आलोट से फिलहाल सिंगल नाम महेश परमार का चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार तय करने के लिए दिल्ली में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक पिछले सप्ताह हो चुकी है, जिसमें कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल ने प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ सभी 29 लोकसभा सीटों के संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। कमेटी एक बार फिर बैठक कर पैनल फाइनल करेगी। यह बैठक राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश से जाने (6 मार्च) के बाद होगी। जिन सीटों के लिए सिंगल नाम फाइनल होंगे। उनके नाम केंद्रीय चुनाव समिति को प्रस्तावित कर दिए जाएंगे। कांग्रेस की कोशिश है कि 10 मार्च से पहले कुछ सीटों के उम्मीदवार घोषित कर दिए जाए। प्रदेश नेतृत्व की ओर से तैयार पैनल पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा की जाएगी और फिर नाम फाइनल किए जाएंगे।

6 सीटों पर सिंगल नाम

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की 29 में से 26 सीटों पर नामों के पैनल तैयार कर लिए हैं। 6 सीटों पर सिंगल नाम भेजे गए हैं, जबकि 14 लोकसभा सीटों पर 2-2 नाम हैं। 4 सीटों पर 3-3 नाम शामिल किए हैं। ग्वालियर-चंबल की 2 सीटें ऐसी हैं, जहां पैनल में 5-5 नाम हैं। एमपी की 29 में से 13 सीटें ऐसी हैं, जहां उम्मीदवारों के पैनल में 14 विधायक और एक महापौर का नाम है।

उज्जैन सीट से तराना विधायक महेश परमार है। वहीं उज्जैन संभाग की मंदसौर सीट से विपिन जैन (विधायक, मंदसौर) का नाम है। ग्वालियर सीट से साहब सिंह गुर्जर (विधायक, ग्वालियर ग्रामीण), शहडोल से विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदे लाल मार्को, मंडला सीट से बिछिया विधायक नारायण पट्टा, बालाघाट सीट से विधायक अनुभा मुंजारे, विदिशा सीट से सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल और खंडवा सीट से भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी का नाम पैनल में है। जबकि धार सीट से कुक्षी विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल (हनी) का नाम संभावित है।

रीवा सीट से महापौर अजय मिश्रा बाबा का सिंगल नाम आया है। खरगोन सीट से सिर्फ दो विधायक बाला बच्चन (राजपुर) व केदार डाबर (भगवानपुरा) के नाम आए हैं। मुरैना सीट से 5 नामों में जौरा विधायक पंकज उपाध्याय व पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का नाम भी शामिल किया गया है।

यह भी स्थिति है

 भोपाल, इंदौर और सतना सीट पर अभी तक नाम तय नहीं हो पाए हैं।

राजगढ़ से प्रियव्रत सिंह और गुना से वीरेंद्र रघुवंशी को मौका मिल सकता है। राजगढ़ से जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोंधिया की दावेदारी भी मजबूत है।

गुना-शिवपुरी से पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी व यादवेंद्र सिंह में से किसी एक पर सहमति बन सकती है।

रतलाम-झाबुआ सीट से कांग्रेस एक बार फिर कांतिलाल भूरिया पर दांव लगा सकती है। विधायक जेवियर मेड़ा और हर्ष विजय गहलोत का नाम भी पैनल में है।

नर्मदापुरम से पूर्व विधायक संजय शर्मा को एक बार फिर मौका मिल सकता है।

मुरैना सीट के पैनल में डॉ. गोविंद सिंह हैं, जबकि लाखन सिंह यादव और बैजनाथ कुशवाहा ओबीसी हैं। हालांकि, पैनल में एक ब्राह्मण पंकज उपाध्याय का नाम भी शामिल किया गया है।

ग्वालियर सीट से ग्वालियर ग्रामीण विधायक साहब सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक लाखन सिंह यादव, प्रवीण पाठक और कैलाश कुशवाहा में से किसी को जातीय समीकरण को ध्यान में रखकर ही उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

Share This Article