दिगंबर जैन समाज के पर्युषण प्रारंभ सुबह सामूहिक अभिषेक और प्रवचन

क्षीरसागर मंदिर पर सुबह मंडल विधान पूजन के बाद समयसार जी पर व्याख्यान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दिगम्बर जैन समाज के पर्युषण पर्व गुरुवार से प्रारंभ हो गए हैं। मंदिरों में सुबह धार्मिक आयोजन हुए।लक्ष्मीनगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चातुर्मास के लिए विराजित मुनिश्री प्रणुतसागर महाराज ससंघ के सानिध्य में दशलक्षण महापर्व प्रारंभ हुआ। यहां गुरुवार सुबह 6.15 बजे श्री जिनेन्द्र देव का अभिषेक, 6.30 बजे सामूहिक अभिषेक व शांतिधारा का आयोजन हुआ। 7 बजे सामूहिक पूजन के बाद 9 बजे से मुनिश्री के प्रवचन हुए। प्रवचनों के बाद आहारचर्या हुई। दोपहर बाद क्षमापना पर्व मनेगा।
कार्यक्रम चातुर्मास समिति, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर लक्ष्मी नगर ट्रस्ट व सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं।
क्षीरसागर स्थित श्री सीमंधर दिगम्बर जिन स्वाध्याय मंदिर में गुरुवार सुबह कई धार्मिक आयोजन हुए। मंदिर के जंबू जैन धवल ने बताया कि गुरुवार को पहले दिन सुबह जिनेंद्र पूजन हुआ। दसलक्षण मंडल विधान के तहत आज उत्तम क्षमा के सभी अंगों की पूजा की गई। इसके बाद उदयपुर से आए पं. संदीपकुमार जैन का समय सार जी के निर्जरा अधिकार पर व्याख्यान हुआ। यह व्याख्यान रोज सुबह-शाम 1-1 घंटे होगा। जिसका लाभ समाजजन लेंगे। दोपहर को तत्त्वार्थसूत्र का वाचन होगा। शाम को सामायिक होगी। फिर संस्कार पाठशाला होगी। इसके बाद मोक्ष मार्ग पर व्याख्यान होगा।
तपोभूमि में पहले दिन मना उत्तम क्षमा पर्व

इंदौर रोड स्थित श्री महावीर तपोभूमि में पर्युषण पर्व के पहले दसलक्षण महापर्व के तहत उत्तम क्षमा मनाया गया। ब्रह्मचारिणी प्रभा दीदी जबलपुर के मार्गदर्शन में धार्मिक आयोजन हुए।









