होटल के स्वीमिंग पूल में डूबने से बच्चे की मौत पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस ने निकलवाया शव

अक्षरविश्व न्यूज ग्वालियर। गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस मामा होटल में हादसा हो गया। परिवार के साथ डिनर और पूल पार्टी करने गए 7 वर्षीय वेद पाल की स्वीमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुई।
परिजन ने सोमवार-मंगलवार की रात करीब 1 बजे बच्चे के शव को दफना दिया था, लेकिन मंगलवार शाम मामला पुलिस तक पहुंचा। बच्चे के पिता और चाचा गिरवाई थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल प्रबंधन की लापरवाही तय करने के लिए शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।
पुलिस ने बुधवार को लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। ग्वालियर में यह संभवत: पहला मामला होगा, जिसमें दफनाए गए बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। जनकगंज स्थित गोल पहाडिय़ा निवासी देवेंद्र पाल ने बताया कि वह पत्नी भारती पाल, बड़े भाई दिनेश पाल के बेटे वेद पाल और रिश्तेदारों के साथ डिनर व पूल पार्टी के लिए प्रिंस मामा होटल गए थे, जहां हादसा हो गया।









