ऑनलाइन बिजनेस का झांसा देकर 9 लाख ठगे, 3 गिरफ्तार

बैंक खाते खुलवाकर बेचते थे, ठगी की रकम से 3.70 लाख रुपए नकद बरामद, अब तक 8 आरोपी पकड़े
अक्षरविश्व न्यूज देवास। ऑनलाइन बिजनेस में मोटी कमाई का सपना दिखाकर चापड़ा के युवक से 9 लाख रुपए ऐंठने वाले ठगों का नेटवर्क अब पुलिस की पकड़ में आ गया है। कमलापुर पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद में दबिश देकर बैंक खाते उपलब्ध कराने और खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से ठगी की रकम के 3.70 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। इस मामले में अब तक 8 आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चापड़ा निवासी शुभम को ऑनलाइन बिजनेस में अच्छी कमाई का लालच दिया गया था। टारगेट पूरा करने के नाम पर उससे अलग-अलग माध्यमों से कुल 9 लाख रुपए ऑनलाइन जमा करवाए गए। बाद में ठगी का पता चलने पर उसने कमलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को उनके अहमदाबाद में होने का पता चला। इसके बाद टीम गुजरात पहुंची और 3 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बागली न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बैंक खाते खुलवाकर महिपालसिंह नामक व्यक्ति को बेचे थे। पुलिस के अनुसार महिपालसिंह ने ट्रेडिंग के नाम पर बैंक खाते खरीदे थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन में किस तरह हुआ, इसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित यादव (22), निखिल भदौरिया (22) और निशंक सिंह राठौड़ (22), सभी निवासी अहमदाबाद के रूप में हुई है। तीनों को 4 अक्टूबर को बागली न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से ठगी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
Advertisement
Advertisement









