मिनी ट्रक ने तीन बिजली के तोड़े पोल

मोहन बड़ोदिया में 4 घंटे बिजली बंद रही, वाहन थाने में खड़ा कराया
अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम आरोग्य हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार में जा रहा एक आइशर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक के बाद एक तीन विद्युत पोल टूटकर गिर गए और भारी-भरकम बिजली की केबलें सीधे सड़क पर आ गिरीं। गनीमत यह रही कि केबल में स्पार्किंग या आग नहीं लगी, वरना अस्पताल के पास बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया
हादसे के तुरंत बाद मौके पर हड़कंप मच गया। तीन पोल टूटने के कारण 11 केवी मोहन बड़ोदिया टीएचक्यू फीडर और 200 केवीए दाल मिल ट्रांसफॉर्मर की एलटी लाइन बुरी तरह प्रभावित हो गई। इसके चलते आसपास के बड़े इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और करीब चार घंटे तक क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा।
रात 8 बजे बहाल हुई सप्लाई
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया विद्युत कंपनी कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बिजली सप्लाई बंद कराई और क्षतिग्रस्त पोल व तारों को हटाने और सुधारने का काम शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार रात करीब 8 बजे नए तार व पोल ठीक कराए और बिजली बहाल की।
चालक पर कार्रवाई की जा रही है
बिजली कंपनी को हुए भारी नुकसान के बाद अधिकारियों ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की। पुलिस ने दुर्घटनाकारित आइशर वाहन को जब्त कर मोहन बड़ोदिया थाने में खड़ा करा लिया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।









