इंदौर में RE-2 सड़क निर्माण के दौरान पथराव

बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच अधूरे हिस्से का काम शुरू कराने पहुंची टीम, कार्रवाई के विरोध में हुआ विवाद
इंदौर। बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच RE-2 रोड के करीब एक किलोमीटर लंबे अधूरे हिस्से का काम पूरा कराने के लिए मंगलवार सुबह नगर निगम और प्रशासन की टीम ने बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम जेसीबी, पोकलेन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी।
कार्रवाई के दौरान टीम बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर क्षेत्र में पहुंची। यहां कुछ लोगों ने निर्माण हटाने की कार्रवाई का विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लोगों की ओर से रिमूवल टीम तथा पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया गया।
पथराव के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्लास्टिक पाइप का इस्तेमाल करते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों को मौके से हटाया। इस दौरान पथराव में दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और नगर निगम की टीम द्वारा सड़क के अधूरे हिस्से को पूरा कराने के लिए बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई जारी है।









