नवरात्रि पर मां बगलामुखी के भक्तों के लिए बड़ी खबर….

दर्शन, हवन, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर बैठक में लिए महत्वपूर्ण निर्णय
अक्षरविश्व न्यूज नलखेड़ा। विश्व प्रसिद्ध मां पीतांबरा बगलामुखी मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवरात्रि के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के नलखेड़ा पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में दर्शन, हवन-पूजन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शारदीय नवरात्रि के दौरान मां बगलामुखी मंदिर के पट रात 11 बजे तक खुले रहेंगे। वहीं मंदिर में हवन रात 10 बजे तक किए जा सकेंगे। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन और हवन-पूजन में सुविधा मिलेगी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए दर्शन और हवन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर जोर
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाएगा, ताकि यातायात प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण, आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया गया।
चार कतारों में होंगे दर्शन- श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में चार कतारों से दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। कतार में लगने वाले दर्शनार्थियों के लिए जल सेवा की व्यवस्था भी रहेगी। स्थानीय भक्तों के लिए प्रतिदिन सुबह 10.30 बजे वीआईपी कतार से दर्शन की व्यवस्था रखने का निर्णय लिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट और मोबाइल सुविधाघर भी लगाए जाएंगे।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और हवन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव, थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, मुख्य पुजारी मनोहरदास पंडा, भाजपा जिला महामंत्री रामेश्वर तेजरा, जिला मंत्री पवन वेदियां, मंडल अध्यक्ष रोहित सकलेचा, बजरंग दल जिला अध्यक्ष किशोर बैरागी, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम भालोट सहित नगर के गणमान्य नागरिक और पत्रकार मौजूद रहे।









