सरोगेसी के नाम पर ब्लैकमेलिंग का खेल… धमकी देकर ऐंठे 65 लाख रुपए

महिला पर केस दर्ज, पति-पत्नी बनकर रहने की शर्त और दुष्कर्म के केस में समझौते के बाद भी वसूली… घर पहुंचकर दी जेल भिजवाने की धमकी
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। सरोगेसी के जरिए परिवार पूरा करने की चाहत एक दंपती के लिए अंतहीन प्रताडऩा और ब्लैकमेलिंग का जाल बन गई। पति को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देकर 60 से 65 लाख रुपए ऐंठने वाली एक महिला के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। फरियादी कृतिका तलरेजा की शिकायत पर पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन, फोटो और बयानों की बारीकी से जांच के बाद आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2), 308(7) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
शिकायत के अनुसार कृतिका का विवाह 1997 में संतोष तलरेजा से हुआ था। उनकी बेटी गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी से जूझ रही है। दोबारा गर्भधारण न हो पाने के कारण दंपत्ति ने सरोगेसी का विकल्प चुना, जिसमें संबंधित महिला सरोगेट मदर बनने के लिए तैयार हुई। आरोप है कि इसके बाद महिला ने संतोष पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवा दिया और समझौते के बदले अपनी बेटी को संतोष का नाम देने व पति-पत्नी की तरह रहने की शर्त रखी।
समझौता होने के बावजूद महिला लगातार ब्लैकमेल कर 40 लाख रुपए और फिर 20 से 25 लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में ऐंठ चुकी है। शिकायत में यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया गया है कि महिला इसी तरह अन्य रईस लोगों पर भी झूठे केस दर्ज कराकर समझौते के नाम पर भारी रकम वसूल चुकी है। रकम देने से इनकार करने पर वह पूरे परिवार को सामाजिक रूप से बदनाम करने और बर्बाद करने की खुली चेतावनी देती रही।









