लाल मस्जिद की गली में मिली जली हुई लाश

पास में पड़ी थी पेट्रोल की बाटल, लाइटर, शराब का क्वाटर

उज्जैन। सुबह कोतवाली थाना पुलिस ने लाल मस्जिद की गली से एक व्यक्ति की जली हुई लाश बरामद की। लाश के पास पेट्रोल की आधी भरी बाटल, लाइटर और शराब का क्वाटर पड़ा था। एफएसएल अफसर ने यहां पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि सुबह सफाईकर्मी ने थाने पर सूचना दी थी कि लाल मस्जिद के पास गली में अज्ञात व्यक्ति की अधजली लाश पड़ी है। पुलिस टीम और एफएसएल अफसर यहां पहुंचे। शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ मृतक की शिनाख्ती के प्रयास शुरू किए। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक का नाम रंजित है और वह फाजलपुरा का रहने वाला है। वह किराए पर साइकिल रिक्शा चलाता था। पुलिस टीम ने फाजलपुरा पहुंचकर रंजित के परिजन को तलाशा तो पता चला कि उसकी बहन रहती है, वह अविवाहित था। पुलिस ने मौके से पेट्रोल से भरी आधी बॉटल, लाइटर, शराब का क्वाटर जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि संभवत: रंजित ने स्वयं पर पेट्रोल डालकर आग लगाई होगी क्योंकि उसका सीना और पीठ जले हैं बाकि शरीर सुरक्षित है।
डेढ़ घंटे वाहन में पड़ी रही लाश
पुलिस ने रंजित के शव को नगर निगम के मुक्ति वाहन में डलवाया और पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां वाहन चालक व एक अन्य कर्मचारी डेढ़ घंटे तक वाहन से शव उतारकर पीएम रूम में रखवाने का इंतजार करते रहे लेकिन कोई पुलिसकर्मी यहां नहीं पहुंचा। कर्मचारियों ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी के बगैर पीएम रूम में शव नहीं रखे जाते।









