बेजुबान से की हैवानियत: स्ट्रीट डॉग को सब्बल से पीट-पीटकर मार डाला

बालकनी से देख रहे रहवासी ने दर्ज कराई एफआईआर, पशु क्रूरता का केस दर्ज
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। शहर के पॉश इलाके तिलक नगर में इंसानियत को शर्मसार करने वाला क्रूर चेहरा सामने आया। यहां एक सिरफिरे युवक ने सड़क पर घूम रहे बेजुबान स्ट्रीट डॉग पर लोहे की सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर उसे तड़पा-तड़पाकर मार डाला। बेजुबान की चीखें सुनकर आसपास के लोग दहल गए। एक जागरूक रहवासी की शिकायत के बाद तिलक नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। 58 वर्षीय रहवासी राजीव जोशी अपने घर की बालकनी में खड़े थे। तभी उन्होंने देखा कि बड़ी ग्वालटोली निवासी विजय हाथ में लोहे की सब्बल लिए सड़क पर खड़े एक स्ट्रीट डॉग को बेरहमी से पीट रहा है। डॉग दर्द से कराहता रहा, लेकिन आरोपी ने एक के बाद एक कई घातक वार कर उसका सिर और शरीर कुचल दिया। कुछ ही पलों में बेजुबान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राजीव जोशी के अनुसार आरोपी विजय आए दिन इलाके में मूक पशुओं के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आदी है। मंगलवार को उसकी इस बर्बरता को देख रहवासी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तुरंत तिलक नगर थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जोशी की रिपोर्ट पर आरोपी विजय बौरासी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है।









