महाकाल मंदिर मेें सुरक्षा तगड़ी चैकिंग के बाद ही मिल रही एंट्री

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर एवं महाकाल लोक में सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली बम विस्फोट में सामने आई आतंकी साजिशों के बाद देशभर के प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसी के तहत महाकाल मंदिर में भी निगरानी बढ़ाई गई है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि मंगलवार रात को सभी सुरक्षाकर्मियों को विशेष ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा कर्मियों को नियमित ब्रीफिंग एवं मॉकड्रिल के जरिए सुरक्षा इंतजामों को पुख्ता किया जा रहा है। साथ ही आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारी का अभ्यास भी सुरक्षाकर्मियों व कर्मचारियों को कराया जा रहा है। मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों की जांच आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से की जा रही है। प्रशासक कौशिक ने दर्शनार्थियों से भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कड़े कदमों में सहयोग की अपील की है।









