एसपी की क्लास में अब दीपावली पर फोकस…

सुरक्षा को लेकर ज्वेलर्स की आज ले सकते हैं बैठक

दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने व गार्ड के दिए निर्देश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नवरात्रि पर्व शांति से संपन्न होने के बाद शनिवार सुबह पुलिस कप्तान ने अपनी क्लास में सभी पुलिस अधिकारियों को मिशन दीपावली की जानकारी दी। उन्होंने नवरात्रि की तरह ही सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
दरअसल, एसपी प्रदीप शर्मा वायरलैस सेट पर पुलिस अधिकारियों से बात कर रहे थे। उन्होंने सबसे पहले नवरात्रि पर बेहतर व्यवस्थाएं करने और अपराध नहीं होने पर थाना महाकाल सहित कुछ थानों को बधाई दी। इसके बाद उन्होंने निर्देश दिए कि आने वाला समय में दीपावली का त्योहार है। इस दौरान बाजारों में काफी भीड़ होती है और महिलाएं ज्वैलरी पहने होती हैं इसलिए सुरक्षा को पुख्ता रखा जाए। ज्वेलरी शॉप्स के संचालकों को निर्देश दें कि वह अपने यहां सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखें और सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रखें ताकि चोरी जैसी वारदातों पर लगाम लगाई जा सके। चीता पार्टियां लगातार गश्त करें। इसके अलावा रोको-टोको अभियान को भी निरंतर जारी रखा जाए ताकि किसी भी तरह की घटना को रोका जा सके।
आज ले सकते हैं बैठक
अक्सर ज्वैलरी दुकानों में भीड़ का फायदा उठाकर और बातों में उलझाकर होने वाली चोरी की वारदातों को रोकने के लिए एसपी शर्मा ने वायरलैस सेट पर सुरक्षा संबंधी निर्देश देते हुए कहा कि संभवत: आज ही वह ज्वेलर्स शॉप्स के संचालकों की बैठक लेंगे जिसमें उन्हें सुरक्षा संबंधी उपाय जैसे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, गार्ड रखने जैसे निर्देश दिए जाएंगे।








