इंदौर में बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ की एमडी ड्रग्स के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर क्राइम ब्रांच ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो एमडी ड्रग्स के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार और दो बाइक को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से ड्रग्स के साथ हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, जब टीम ने काले रंग की स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी भागने लगे। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और क्षतिग्रस्त हो गया। मौके से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में झालावाड़ निवासी नवीन सोलंकी (25) और शंकर सिंह (33), उज्जैन निवासी विक्रम सिंह (31) और नरेंद्र सिंह (26), तथा इंदौर के सिलिकॉन सिटी निवासी गोविंद शर्मा (29) शामिल हैं।तलाशी के दौरान पुलिस को 1 किलो एमडी ड्रग्स, एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस मिला। जब्त सामग्री में स्कॉर्पियो, दो बाइक और हथियार सहित कुल करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये का सामान शामिल है।
अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कहां से लाई गई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने के लिए आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की जाएगी।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद स्कॉर्पियो किसकी है और इसका इस मामले से क्या संबंध है। वहीं आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।









