टैंकर ने भाई-बहन को रौंदा, छात्रा की मौके पर ही मौत

राजबाड़ा ई-बस कांड के 3 दिन बाद छोटा बांगड़दा रोड पर फिर खूनी खेल
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। सड़क पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहन शहरवासियों के लिए काल बन चुके हैं। राजबाड़ा पर हुए ई-बस कांड का खौफ अभी थमा भी नहीं था कि एक अंधाधुंध दौड़ते पानी के टैंकर ने छोटा बांगड़दा रोड पर एक होनहार बीटेक छात्रा की जिंदगी छीन ली। बाइक सवार भाई-बहन को इतने खौफनाक तरीके से रौंदा गया कि संभलने का एक पल भी नहीं मिला। 20 साल की छात्रा ने सड़क पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि उसका भाई अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
कटनी से इंदौर में अपने सपनों को पंख देने आई अर्चिता झार सुपर कॉरिडोर स्थित सिम्बायसिस कॉलेज से बीटेक कर रही थी। वह अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से छोटा बांगड़दा रोड से गुजर रही थी। ठीक वेदांश इंटरनेशनल स्कूल के सामने भारी-भरकम टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरे और टैंकर का पहिया अर्चिता को कुचलता हुआ आगे निकल गया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। गंभीर रूप से घायल प्रणय को खून से लथपथ हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
भागने की फिराक में था चालक लोगों ने पकड़कर सिखाया सबक
हादसे के तुरंत बाद चालक रामचंद्र चौकसे टैंकर को और तेज भगाकर रफूचक्कर होने की फिराक में था। खून से सनी सड़क और बेबस बच्चों को देख वहां मौजूद राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। बाइक सवारों ने जान जोखिम में डालकर टैंकर का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने केबिन से खींचकर चालक की जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया। टीआई देवेंद्र कुशवाह के मुताबिक आरोपी चालक को गिरफ्तार कर टैंकर जब्त कर लिया गया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।









