पुलिस की भनक लगते ही भाग निकला चोर, घर पर मिला बैग

मामला विवाह समारोह के रिसेप्शन से बैग चोरी का

जेवरात एवं नकदी सहित 2 लाख का मशरूका बरामद आरोपी की तलाश जारी
उज्जैन। जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में पिछले दिनों विवाह समारोह से चोरी हुआ बैग पुलिस ने राजगढ़ के गुलखेड़ी गांव से जब्त किया है। हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी भाग निकला जिसकी तलाश की जा रही है। बैग से पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी सहित 2 लाख का मशरूका बरामद किया है।
दरअसल, फरियादिया बबीता पति कमल जूनवाल ने 1 नवंबर को जीवाजीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी बेटी प्रिया की शादी का रिसेप्शन मंगलनाथ रोड स्थित तिरुपति गार्डन में चल रहा था। इस दौरान बबीता अपनी बहू राखी के साथ गार्डन में बैठी थी और उनके पास एक बैग था जिसमें सोने के 2 जोड़ी टॉप्स, सोने का नाक का काटा, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी की 6 बिछिया और 10हजार रुपए कैश रखे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उनके ऊपर टमाटर की चटनी डाल दी। वे अपनी साड़ी साफ करने गई और वापस लौटीं तो उनका पर्स नदारद था। उसे कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया था। मामले में जीवाजीगंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर को किया सक्रिय सटीक जानकारी दी…
पुलिस ने विशेष टीम गठित की जिससे विवाह स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। इसके अलावा अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया और संदिग्धों पर नजर रखी। इसी बीच मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि वारदात राज पिता प्रहलाद सिसौदिया (20) निवासी ग्राम गुलखेड़ी, थाना बोडा, जिला राजगढ़ का हाथ है। इसके बाद टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी लेकिन पुलिस के आने की भनक लगते ही वह भाग निकला। उसके घर की तलाशी लेने पर पुलिस को बैग मिला जिसमें से सोने के 2 जोड़ी टॉप्स, सोने का नाक कांटा, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पाल, चंादी की 6 बिछिया और 10 हजार रुपए नकद मिले। मौके पर वीडियोग्राफी करते हुए पुलिस ने उसे जब्त किया जिसकी अनुमानित कीमत २ लाख रुपए है।
आरोपी की तलाश जारी
आरोपी राज सिसौदिया फरार है जिसके संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।









