ग्वालियर कलेक्ट्रेट परिसर में लगी आग, दस्तावेज खाक

अक्षरविश्व न्यूज ग्वालियर। ग्वालियर कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में स्थित ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कलेक्ट्रेट कार्यालय के कमरों तक पहुंच गई। आग लगने से कमरों में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है।
आग की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की कई दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आग अन्य कमरों तक न फैल सके। फिलहाल आग लगने के कारण हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।









