Popup Image

पहले टेंडर कैंसल कराया, फिर तत्कालीन एसपी के नाम से डराकर मांगे 25 लाख रु.

12 लाख डकार गया, 13 लाख का चेक भी नहीं दिया, फिर से मांग रहा 25 लाख रुपए

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। तत्कालीन एसपी के नाम पर एक स्टेशनरी व्यापारी द्वारा दूसरे व्यापारी से 25 लाख वसूलने व दोबारा 25 लाख रु. की मांग करने का मामला सामने आया है। इसे लेकर व्यापारी ने अंकित ट्रेडर्स के संचालक अंकित नागर के खिलाफ कोतवाली पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई करने व दी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।

कोतवाली पुलिस को दिए गए आवेदन में स्टेशनरी व्यापारी मोहम्मद अली ने बताया कि उसने इसी वर्ष माह अप्रैल 2026 में एसपी कार्यालय में एक टेंडर व्यापार के लिए कार्यालय स्टेशनरी सप्लाई का भरा था। उक्त टेंडर में मेरे द्वारा एक दस्तावेज में त्रुटि हो जाने के कारण कार्यालय से मेरी निविदा को निरस्त कर कर दिया गया था। इसके बाद थाना कोतवाली से फोन आया कि अंकित ट्रेडर्स के अंकित नागर ने आवेदन दिया है और आप तत्काल थाने आएं।

Advertisement

मैं थाने पहुंचा जहां मेरे बयान दर्ज किए गए। बयान देने के बाद जब मैं बाहर निकला तो वहां अंकित नागर मिला उसने मुझसे कहा कि ये प्रकरण मैं यहीं समाप्त करवा सकता हूं, मेरे एसपी से अच्छे संबंध हैं और उन्होंने ही आपके खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के लिए आवेदन देने को कहा है। यदि तुम कहो तो मैं एसपी साहब से बात कर के कुछ करता हूं। इसके बाद उसने थाने से दूर जाकर किसी व्यक्ति से मोबाइल पर बात की और मुझे रिकार्डिंग सुनाई जिसमें मुझसे 25 लाख रुपए की जल्द से जल्द व्यवस्था करने को बताया और कहा कि यदि आज व्यवस्था नहीं की तो आपके खिलाफ तत्कालीन एसपी साहब ऐसा केस दर्ज करेंगे कि आपका जीवन और दुकान दोनों खत्म हो जाएंगे।

इसके बाद मैंने डर कर मेरे बड़े भाइयों को यह बात बताई और जैसे भी हुआ पैसों की व्यवस्था करके 3 जुलाई 2026 को एसपी बंगले के बाहर अंकित नागर की स्कूटी पर बैठकर एसपी निवास के बाहर अंकित नागर द्वारा बताए गए तैनात पुलिसकर्मी को 12 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद 13 लाख का स्टेट बैंक आफ इंडिया का चैक अंकित नागर को जमानत के तौर पर दिया गया। तब अंकित नागर ने मुझसे कहा था कि मैं 13 लाख नकद देकर आपका चेक वापस कर दूंगा।

Advertisement

4 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच 13 लाख रुपए उसी व्यक्ति को उसी जगह पर दिए और जो जमानत का चैक दिया था वह भी आज दिनांक तक वापस नहीं लौटाया गया है। मोहम्मद अली ने आरोप लगाया कि अंकित नागर ने मुझसे कहा कि तत्कालीन एसपी साहब ने मुझसे कहा है कि इस राशि के विषय में आप किसी से चर्चा नहीं करेंगे। नहीं तो इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा। यही नहीं मेरे द्वारा आवेदन वापस लेने के विषय में जब चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मेरी तत्कालीन एसपी. साहब से बात हो गई है। इसके बाद थाने से मुझे मोबाइल पर फोन आया कि आपको अर्जेन्ट थाने बुलाया है। आपकी फाइल को एडिशनल एसपी साहब देख रहे हंै और मुझसे अंकित नागर द्वारा वापस 25 लाख रुपए पुन: मांग की है। व्यापारी मोहम्मद अली ने कोतवाली पुलिस से मांग की है कि मेरे द्वारा दी गई राशि वापस दिलाई जाए तथा उचित कार्रवाई की जाए।

दबाव और प्रभाव से लिया स्टेशनरी का वार्षिक टेंडर
इस पूरे मामले में खास बात यह भी है कि जो स्टेशनरी का वार्षिक टेंडर था वह नवीन प्रिंटिंग प्रेस का खुला था और उन्हें ही यह टेंडर मिल चुका था। जो अंकित नागर को नागवार गुजरा। इसके बाद उसने साजिश रची और मोहम्मद अली का टेंडर निरस्त करवाने में जुट गया और दबाव व प्रभाव से उसने यह टेंडर निरस्त भी करवाकर वह टेंडर अपने नाम करवा लिया। यदि अधिकारी इस मामले के साथ-साथ इस पूरी टेंडर प्रक्रिया की भी जांच करते हैं तो दाल का काला सामने आ जाएगा और कौन शासन के नियमों को धता बताकर इस जालसाज से वफादारी निभा रहा है वह भी सामने आएगा। अधिकारियों को चाहिए कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए ताकि न्याय हो सके।

कार्रवाई की जाएगी
अंकित नागर के खिलाफ आवेदन आया है, जिसमें कुछ लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं और कुछ लोगों के बयान लेना शेष है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कीर्ति बघेल
एसडीओपी शाजापुर

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें