Popup Image

चार महीने बाद हर हरि को सौंपेंगे सृष्टि का भार

कार्तिक चतुर्दशी : रात 11बजे निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी, मध्यरात्रि गोपाल मंदिर में होगा अनूठा मिलन

Advertisement

सवारी के दौरान आतिशबाजी नहीं करने की हिदायत

साल में एक बार हर (शिव) हरि (विष्णु) से मिलने जाते हैं गोपाल मंदिर महाकाल घाटी से गोपाल मंदिर तक जुटते हैं हजारो श्रद्धालु

Advertisement

जमकर होती है आतिशबाजी आधी रात को होता है मिलन इस बार भी सख्ती का आदेश, पर अमल कितना होगा, यह पता नहीं

घनी बस्ती होने से अक्सर होती है लोगों के झुलसने की घटना

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। धर्मधानी उज्जैन में बैकुंठ चर्तुदशी पर रविवार रात आस्था, परंपरा का अनूठा घटनाक्रम होगा। मध्यरात्रि में गोपाल मंदिर में सृष्टि के देव विष्णु (हरि)और शिव (हर)का अद्भुत मिलन होगा। मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर योगनिद्रा से भगवान विष्णु जागते हैं ओर सृष्टि के संचालन का दायित्व फिर से संभालते हैं। उनकी योगनिद्रा के दौरान सृष्टि संचालन का दायित्व भगवान शिव के पास रहता है।बैकुंठ चतुर्दशी पर वे भगवान विष्णु से मिलकर उन्हें फिर से सृष्टि संचालन का भार सौंपते हैं। उज्जैनवासी इस अनूठे प्रसंग के हर साल साक्षी बनते हैं। इस बार भी गोपाल मंदिर में इस दृश्य के साक्षी हजारों लोग बनेंगे। बाबा महाकाल की हरिहर मिलन सवारी रात ११ बजे मंदिर से शुरू होगी। करीब 30 मिनट का सफर तय कर गोपाल मंदिर पहुंचेगी।

पुलिस ने हरिहर मिलन के दौरान आतिशबाजी नहीं करने का निवेदन लोगों से किया है। इसी कड़ी में शनिवार की शाम महाकालघाटी से लेकर गोपाल मंदिर मार्ग तक गश्त कर लोगों को समझाइश दी गई।

हरिहर मिलन उज्जैन की विशिष्ट धार्मिक परंपराओं में शामिल है। इस अवसर पर भगवान महाकाल की सवारी परंपरागत रूप से गोपाल मंदिर पहुंचती है, जहां भगवान विष्णु और भगवान शिव का मिलन होता है। दोनों देवों के इस मिलन को शैव और वैष्णव परंपरा की एकता का प्रतीक भी माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाकाल और द्वारकाधीश का यह मिलन सृष्टि के संचालन से जुड़ी दिव्य व्यवस्था का प्रतीक है। आधी रात को होने वाले इस आयोजन में मंदिर परिसर हरि-हर के जयकारों से गूंज उठेगा।

महाकाल मंदिर समिति ने शुरू की तैयारी: महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने सवारी की अपनी तैयारी को रविवार को अंतिम रूप दिया।

15 घंटे बाद दूसरी सवारी
इस बार की बैकुंठ चतुर्दशी इस मायने में भी खास है कि यह कार्तिक-अगहन के सोमवार के एक दिन पहले आ रही है। ऐसे में दो दिन लगातार बाबा महाकाल भ्रमण पर रहेंगे। रविवार रात गोपाल मंदिर से सवारी करीब १ बजे वापस लौटेगी और १५ घंटे बाद सोमवार शाम फिर बाबा महाकाल प्रजा को दर्शन देने निकलेंगे। यह कार्तिक -अगहन मास की दूसरी सवारी होगी। मंदिर प्रबंध समिति सावन-भादौ के सोमवार और कार्तिक-अगहन मास के सोमवार को सवारी निकालती है। हरिहर मिलन और दशहरे पर भी बाबा की सवारी निकलती है।

आतिशबाजी, हिंगोट और रॉकेट पर प्रतिबंध

ह रिहर मिलन समारोह के दौरान आतिशबाजी से लोगों के झुलसने की घटनाओं को देखते हुए आतिशबाजी, हिंगोट और रॉकेट पर प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने सवारी मार्ग पर आतिशबाजी, पटाखे एवं हिंगोट रॉकेट का उपयोग नहीं करने का आदेश दिया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के अंतर्गत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई होगी।

इस कड़ी में महाकाल पुलिस ने प्रतिबंधात्मक आदेश की जानकारी सवारी मार्ग के दुकानदारों, रहवासियों एवं अन्य संबंधितों को दी। पुलिस ने चेतावनी दी कि अगर आतिशबाजी, पटाखे और हिंगोट रॉकेट का उपयोग किया गया तो वैधानिक कार्रवाई होगी।

23 नवंबर की रात लगेगी पूर्णिमा , 24 को होगा स्नान
बैकुंठ चतुर्दशी सोमवार रात तक रहेगी। रात ११ बजे से पूर्णिमा लगेगी। ऐसे में कार्तिक पूर्णिमा का स्नान २४ को होगा। ज्योतिषाचार्य पंडित आनंदशंकर व्यास के अनुसार 23 नवंबर को दिनभर चतुर्दशी रहेगी। रात 11.४२ बजे से पूर्णिमा तिथि आरंभ होगी। कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर मंगलवार को होगी। इसका समापन 24 नवंबर की रात 8. 23 मिनट पर होगा। उदया तिथि के मान से 24 नवंबर को ही स्नान-दान और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।

शाम को दीपदान, क्षिप्रा तट पर उमड़ेगी आस्था
कार्तिक पूर्णिमा पर क्षिप्रा नदी के घाटों और विभिन्न मंदिरों में दीपदान होगा। उज्जैन में सूर्योदय सुबह 6 बजकर 46 मिनट पर होगा। श्रद्धालु सुबह से ही पवित्र स्नान और दान-पुण्य करेंगे। शाम को चंद्रोदय 5 बजकर 20 मिनट पर होगा। दीपदान का समय शाम 5 बजकर 40 मिनट से रात 8 बजकर 17 मिनट तक रहेगा। इस दौरान रामघाट सहित अन्य घाटों पर श्रद्धालु दीप प्रज्वलित कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें